पाकिस्तान छोड़ना चाहती हैं एक्ट्रेस आयशा उमर कहा- यहां हमेशा किडनैप और रेप का खतरा

पाकिस्तान छोड़ना चाहती हैं एक्ट्रेस आयशा उमर कहा- यहां हमेशा किडनैप और रेप का खतरा

पाकिस्तान की मशहूर मॉडल और एक्ट्रेस आयशा उमर मुल्क छोड़ना चाहती हैं। आयशा का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने कहा- पाकिस्तान में कोई महिला सुरक्षित नहीं है, वो सड़क पर नहीं चल सकती। उसे किडनैप या रेप का डर सताता है।

आयशा ने एक अजीब बात भी कही। उनके मुताबिक- सिर्फ कोविड लॉकडाउन के दौरान महिलाएं महफूज थीं और इसी वक्त वो घर से बाहर निकल सकीं। आयशा कई विदेशी ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग कर चुकी हैं। इंडियन टेनिस प्लेयर सानिया मिर्जा के पति और क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ उनके अफेयर की खबरें भी आती रहती हैं।

खौफ में नहीं जीना चाहती

  • पाकिस्तान के सोशल मीडिया पर आयशा उमर का बयान सुर्खियों में है। टीवी चैनलों पर बहस चल रही है। कुछ लोग उनका समर्थन कर रहे हैं तो कुछ ऐसे भी हैं जो उन्हें पाकिस्तान की बदनामी का जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
  • इस इंटरव्यू में आयशा ने कहा- मैं इस मुल्क में महफूज महसूस नहीं करती। मैं सड़कों पर घूमना चाहती हूं। ताजी हवा में सांस लेना चाहती हूं। साइकिल चलाना चाहती हूं, लेकिन ये सब नहीं कर सकती। आखिरी बार महिलाएं कोविड लॉकडाउन के दौरान ही घर से निकल सकी थीं। हर वक्त डर और टेंशन रहता है और इसे कोई पुरुष नहीं समझ सकता।
  • आयशा ने आगे कहा- इस मुल्क की इकोनॉमी देख लीजिए। लोगों के पास खाने के पैसे तक नहीं हैं। महिलाएं तो हर पल और हर सेकंड डर के साए में गुजार रही हैं। मुझे किडनैपिंग, रेप और लूट का डर सताता रहता है। आखिर आजादी और हिफाजत हर किसी का हक है, लेकिन यहां ऐसा कुछ नहीं है। आखिरी बार कॉलेज में आजादी महसूस की थी। इसके बाद से खौफ के साए में रहती हूं। दो बार छेड़छाड़ की शिकार बन चुकी हूं।
  • भाई पहले ही पाकिस्तान छोड़ चुका है
    एक सवाल के जवाब में आयशा ने कहा- क्राइम तो दुनिया के हर मुल्क में है, लेकिन पाकिस्तान में हालात बिल्कुल अलग हैं। यहां तो हम अपने घर में भी महफूज नहीं हैं। सड़क पर नहीं चल सकते, पार्क नहीं जा सकते, क्योंकि 10 लोग कमेंट्स करते हैं और छेड़छाड़ होती है।

    पाकिस्तान की सबसे महंगी मॉडल कही जाने वाली आयशा ने कहा- अपने मुल्क से कौन प्यार नहीं करता। मैं भी करती हूं, लेकिन हालात देखकर सच बोलना जरूरी है। मेरा भाई कुछ साल पहले ही पाकिस्तान छोड़कर डेनमार्क शिफ्ट हो गया। मां भी अब यहां नहीं रहना चाहती। मैंने भी जल्द फैसला करूंगी कि यहां से कब किसी और देश चली जाऊं।

  • शोएब से अफेयर की खबरें

    • पिछले साल आयशा ने सानिया मिर्जा के पति और क्रिकेटर शोएब मलिक के साथ एक मैगजीन के लिए बोल्ड फोटोशूट किया था। इसके बाद शोएब और सानिया के रिश्तों में तनाव और कथित तौर पर तलाक की खबरें आईं थीं। इसकी वजह आयशा उमर को ही माना गया था।
    • चार महीने पहले शोएब मलिक ने अपने इंस्टाग्राम बायो में बदलाव किया था और सानिया का नाम बायो से हटा दिया था। शोएब ने पहले अपने बायो में सानिया मिर्जा को मेंशन करते हुए लिखा था- हसबैंड टु ए सुपरवुमन। अब वो ये लाइन हटा चुके हैं। इसकी जगह लिखा है- लिव अनब्रोकन।
    • इसके बाद सानिया ने भी एक पोस्ट किया था। इसमें लिखा था- टूटे हुए दिल कहां जाते हैं, खुदा को खोजने के लिए? पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक- दोनों अलग-अलग रहते हैं। आखिरी बार बेटे के बर्थडे पर साथ देखे गए थे। कहा जाता है कि सानिया दुबई में हैं, जबकि शोएब मलिक पाकिस्तान में रहते हैं।
Advertisement