छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 4 अलग-अलग सड़क हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई। दिवाली की रात रायपुर से घर लौट रहे बाइक सवार 2 सगे भाइयों को ट्रेलर ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई।
वहीं, सोमवार रात तेज रफ्तार बुलेट सामने जा रही थार से टकरा गई। हादसे में कारोबारी युवक की जान चली गई। टक्कर का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
तीसरी घटना में कार पलटने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, बाइक की टक्कर से घायल बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। ये हादसे कोनी, सरकंडा और सकरी थाना क्षेत्रों में हुए हैं। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भाइयों की मौत से मातम में बदलीं दिवाली की खुशियां
कोनी क्षेत्र के ग्राम गतौरी निवासी रितेश बघेल और उसका छोटा भाई साहिल बघेल रायपुर में काम करते थे। दोनों दिवाली मनाने के लिए गांव लौट रहे थे। रविवार रात दोनों बाइक से रायपुर से बिलासपुर पहुंचे।
इसके बाद सकरी होते हुए गतौरी के लिए रवाना हुए। दोनों तुर्काडीह के पास नेशनल हाईवे पर पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रितेश के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं, जबकि साहिल के सिर में चोट लगी। साहिल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
रितेश को तत्काल इलाज के लिए सिम्स ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बच सकी। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों भाइयों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। कोनी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरवरी में होनी थी शादी, हादसे में बुझ गया घर का चिराग
सरकंडा थाना क्षेत्र के लोयोला स्कूल रोड पर रविवार देर रात करीब 2 बजे हुए हादसे में युवा कारोबारी आयुष गुप्ता की मौत हो गई।आयुष दोस्तों से मिलकर बुलेट बाइक से घर लौट रहा था।
इसी दौरान आगे चल रही थार के चालक ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ दी। पीछे से आ रहा आयुष बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसकी बुलेट थार से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आयुष को गंभीर चोटें आईं। हादसे में उसकी मौत हो गई। फरवरी में उसकी शादी होने वाली थी।
हादसे का CCTV वीडियो आया सामने
लोयोला स्कूल रोड पर हुए हादसे का CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें थार चालक बिना इंडिकेटर दिए अचानक गाड़ी मोड़ता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान पीछे से आ रहे बुलेट सवार आयुष को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी बाइक थार से टकरा गई।
सरकंडा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और थार चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तेज रफ्तार कार पलटी, युवक की मौत, एक घायल
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर निवासी प्रेम सिंह ठाकुर (32) पिता दिलीप सिंह ठाकुर सोमवार को कार से तखतपुर जा रहे थे। कार राजेश सोनवानी चला रहा था। दोनों पेण्डारी गांव के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई। चालक संभल पाता, इससे पहले ही कार सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार प्रेम सिंह और राजेश सोनवानी घायल हो गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को कार से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल राजेश सोनवानी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाइक की टक्कर से मोपेड सवार बुजुर्ग की मौत
सोमवार को बाइक की टक्कर से मोपेड सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार मोड़ की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बेलगहना निवासी दिलीप दिनकर सोमवार को अपने साथी संतोष दिनकर और वीपी सिंह दिनकर के साथ बाइक से लाखासार जा रहे थे।
इसी दौरान गांव के जेठूराम दिनकर अपनी टीवीएस एक्सल (CG 10 W 6639) से जा रहे थे। वे लाखासार मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी प्लेटिना बाइक (CG 28 Q 9906) के चालक ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही जेठूराम सड़क पर गिर पड़े। उनके चेहरे, माथे और पैर में चोटें आईं। हादसे में उनकी मोपेड भी क्षतिग्रस्त हो गई।
इलाज के बाद घर लौटे, शाम को बिगड़ी तबीयत
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने डायल 112 को सूचना दी। पुलिस वाहन की मदद से घायल जेठूराम को सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां डॉक्टरों ने उनका इलाज किया। हालत में सुधार होने पर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद वे घर लौट आए। हालांकि, शाम करीब 4 बजे अचानक उनकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि हादसे में आई चोटों के कारण उनकी मौत हुई है। दिलीप दिनकर ने घटना की रिपोर्ट सकरी थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने प्लेटिना बाइक के चालक के खिलाफ BNS की धारा 106(1) के तहत केस दर्ज किया है।

