अमेरिकी एयरफोर्स के 14 अफसर पहुंचे बांग्लादेश, आनन-फानन में दिया वीजा, भारत के पड़ोस में क्‍या चल रहा?

अमेरिकी एयरफोर्स के 14 अफसर पहुंचे बांग्लादेश, आनन-फानन में दिया वीजा, भारत के पड़ोस में क्‍या चल रहा?
वॉशिंगटन: अमेरिकी एयरफोर्स के 14 अफसर बांग्लादेश पहुंचे हैं। ये अफसर एक विशेष फ्लाइट से ढाका पहुंचे, जिसके बाद इनको वीजा उपलब्ध कराया गया। बांग्लादेशी गृह मंत्रालय की ओर से 16 सितंबर को जारी एक आदेश के अनुसार, आर्म्ड फोर्सेस डिवीजन (AFD) के अनुरोध पर अमेरिकी वायु सेना (USAF) के 14 अधिकारियों के लिए मुफ्त 'वीजा-ऑन-अराइवल' सुविधा को मंजूरी दी है। इसके अलावा इन अफसरों के ढाका में कामकाज के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

गृह मंत्रालय के इमिग्रेशन-5 सेक्शन की ओर से जारी आदेश में 14 अमेरिकी नागरिकों की पहचान और वापसी के टिकटों की जांच के बाद उन्हें वीजा ऑन-अराइवल की बात कही गई है। गृह मंत्रालय के दस्तावेज में USAF के इन 14 कर्मियों की यात्रा के मकसद या बांग्लादेश में उनके रहने की अवधि के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। यह भी नहीं बताया गया है कि वे सैन्य, राजनयिक, तकनीकी या फिर किस तरह के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

क्या करता है AFD

नॉर्थ ईस्ट न्यूज के मुताबिक, मंत्रालय का आदेश वीजा मंजूरी को सीधेतौर पर AFD के जरिए शुरू की गई प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत रखता है। AFD बांग्लादेश में सशस्त्र बलों के लिए मुख्य समन्वय संस्था है, जो प्रधानमंत्री कार्यालय के तहत काम करता है और इसे मंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त है। इसकी जिम्मेदारी में ऑपरेशन, योजना, प्रशिक्षण, खुफिया जानकारी, नागरिक-सैन्य संबंध, प्रशासन और लॉजिस्टिक्स से जुड़े समन्वय और सरकारी मंजूरी शामिल हैं।

USAF के जिन 14 अधिकारियों के लिए यह आदेश जारी हुआ है, उनके नाम हैं- शेन स्टीफन वेसेली, रेमंड पेइरान झांग, जोहाना मैरी क्रेमर, मैडिसन मैरी चिल्टन, सरोज उप्रेती, सारा एलिसा क्रामेरियस, मार्क स्टीवन सबला, मार्गरेट एन ग्लासगो, जोश एलन गैवरिलोव, डैरेन कियोशी ओहाशी, क्रिस्टोफर एडवर्ड लैंटैग्ने, क्रिस्टोफर एलन वेब, मैथ्यू एलन हैल्डरमैन और वेन क्रिस्टोफर क्लाइन।
16 सितंबर के गृह मंत्रालय के आदेश से एक लिखित प्रशासनिक रिकॉर्ड मिलता है, जिससे पता चलता है कि बांग्लादेश के सशस्त्र बल प्रभाग के औपचारिक अनुरोध पर 14 अमेरिकी नागरिकों को 'वीजा-ऑन-अराइवल' की मुफ्त अनुमति दी गई।
रिपोर्ट

किस रैंक के अधिकारी पहुंचे

ढाका पहुंचे अफसरों में से चिल्टन और उप्रेती मेजर रैंक के अधिकारी हैं। जोहाना क्रेमर USAF के एयर कॉम्बैट कमांड में तैनात हैं और चीन विदेश नीति सलाहकार हैं। गृह मंत्रालय का यह आदेश ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश और अमेरिका के बीच पेशेवर और सैन्य सहयोग बढ़ रहा है। हालिया हफ्तों में से लगातार दिखा है।

ओरेगन नेशनल गार्ड प्रतिनिधिमंडल के अधिकारियों की दो टीमों ने हाल ही में (13 से 16 सितंबर तक) बोगुरा छावनी में बांग्लादेश सेना के साथ चार दिवसीय 'आर्मर-कैवेलरी सब्जेक्ट मैटर एक्सपर्ट एक्सचेंज' (बख्तरबंद और घुड़सवार सेना से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों का आदान-प्रदान) में हिस्सा लिया है।
Advertisement