नई दिल्ली। दीवाली रोशनी का त्योहार है। इस त्योहार पर चारों ओर खुशियों का माहौल छा जाता है, लोग अपने घरों में दीये जलाते हैं, लाइट्स लगाते हैं और साथ में खुशियां मनाते हैं। हालांकि, इस रोशनी के त्योहार पर अपनी आंखों की सेहत पर भी ध्यान देना उतना ही जरूरी है।
नियमित रूप से आंखों की देखभाल और चेकअप काफी जरूरी है। खासकर, जब दिनभर स्क्रीन देखने के साथ-साथ पटाखों और पराली का धुआं भी आंखों को परेशान करने लगता है।
आंखों की नियमित जांच क्यों है जरूरी?
बहुत से लोगों को लगता है कि आंखों की जांच सिर्फ तभी जरूरी है, जब धुंधला दिखाई दे, दर्द हो या आंखों से जुड़ी कोई परेशानी हो। हालांकि, ग्लूकोमा और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी कई ऐसी समस्याएं हैं, जो शुरुआती स्टेज में बिना किसी लक्षण के चुपचाप विकसित होती रहती हैं। नियमित आई चेकअप से ऐसी समस्याओं का वक्त रहते पता लगाया जा सकता है, जिससे आंखों की रोशनी बचाई जा सकती है।

