आप जिस नंबर से WhatsApp चलाते हैं, अगर उस नंबर का सिम आपके फोन में नहीं है, तो 1 जनवरी 2027 से आप WhatsApp नहीं चला पाएंगे। दरअसल दूरसंचार विभाग ने 1 जनवरी 2027 से सिम बाइंडिगं का नियम अनिवार्य कर दिया है। ऐसे में उस नंबर का सिम फोन में होना जरूरी होगा, जिससे आप WhatsApp या Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप्स चला रहे हैं। अगर आप पहले से WhatsApp उसी फोन में चला रहे हैं, जिसमें उस नंबर का सिम मौजूद है तो आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, अगर आपका सिम और WhatsApp अलग-अलग फोन में है, तो अगले साल से WhatsApp चलाना जारी रखने के लिए आपके पास तीन ऑप्शन बाकी रह जाते हैं। पहला कि आप अपना अकाउंट उस सिम पर ट्रांसफर कर लें जो अभी आपके फोन में है, दूसरा आप अपने नंबर को उस फोन पर e-SIM के तौर पर एक्टिव कर लें जिस पर WhatsApp चला रहे हैं और तीसरा कि आप WhatsApp के लिंक्ड डिवाइसेज फीचर का इस्तेमाल करें।
अगर आप के फोन में वो सिम नहीं है, जिससे आप WhatsApp चलाते हैं, तो आप अपने अकाउंट को दूसरे नंबर पर शिफ्ट भी कर सकते हैं। इससे आपके चैट्स पहले की तरह ही बरकरार रहेंगे लेकिन आपका खाता उस नंबर पर शिफ्ट हो जाएगा, जिसका सिम आपके फोन में मौजूद है। इससे आप 1 जनवरी 2027 के बाद भी अपना WhatsApp इस्तेमाल करना जारी रख पाएंगे।
इसके लिए आपको WhatsApp का चेंज नंबर फीचर इस्तेमाल करना होगा। ऐसे में आप WhatsApp की Settings > Account > Change Number पर जाकर क्लिक करें।
इसके बाद पुराना नंबर और फोन में मौजूद सिम वाला नया नंबर दर्ज करना होगा।
इसके बाद आपका अकाउंट नए नंबर पर शिफ्ट हो जाएगा और आप जिन लोगों के साथ चैट कर रहे थे, उन तक भी यह जानकारी पहुंच जाएगी कि आपने अपना WhatsApp अकाउंट दूसरे नंबर पर शिफ्ट कर लिया है।
अगर आप WhatsApp का नंबर बदलना नहीं चाहते और आपके प्राइमरी फोन में एक ही फिजिकल सिम स्लॉट है, तो आप उस नंबर को e-sim में बदलकर अपने प्राइमरी फोन में चला सकते हैं।
आजकल मिडरेंड स्मार्टफोन्स में भी e-SIM का ऑप्शन मिल जाता है। इसके अलावा आप अपने ऑपरेटर के ऐप या फिर स्टोर पर जाकर e-SIM एक्टिवेट करवा सकते हैं।
इसके बाद आपका प्राइमरी और सेकेंडरी दोनों नंबर एक ही हैंडसेट में एक्टिव हो जाएंगे। दोनों सिम एक साथ एक ही फोन में होने से आप सिम बाइंडिंग की शर्त भी पूरी कर लेंगे और आपको अपना पुराना नंबर छोड़ने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
अगर आप दो अलग-अलग डिवाइसेज में WhatsApp चलाना जारी रखना चाहते हैं, तो इसके लिए WhatsApp आपको Linked Devices नाम से काम का फीचर देता है। इसकी मदद से आप अपना अकाउंट उस डिवाइस पर एक्टिव रख पाएंगे, जिसमें आपने सिम डाला है। इससे सिम बाइंडिंग की शर्त पूरी हो जाएगी।
इसके बाद दूसरे डिवाइस पर WhatsApp इंस्टॉल करके सेटअप करते समय Link an existing account का ऑप्शन चुनें। इसके बाद दिखने वाले QR कोड को मुख्य फोन के WhatsApp अकाउंट से स्कैन कर लें।
अब आप मुख्य फोन में सिम रखते हुए अलग-अलग डिवाइस में WhatsApp चला पाएंगे। इस तरह आप सिम बाइंडिंग के नियमों का भी पालन कर सकेंगे।

