टाटा ग्रुप की कूलिंग प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी वोल्टास के चेयरमैन और डायरेक्टर नोएल एन टाटा 11 नवंबर 2026 को रिटायर होने जा रहे हैं। 70 साल की उम्र पूरी होने के चलते टाटा ग्रुप की गाइडलाइंस के तहत उनका यह रिटायरमेंट हो रहा है।

नोएल के रिटायरमेंट के बाद कंपनी बोर्ड ने उन्हें 12 नवंबर 2026 से चेयरमैन एमेरिटस यानी मानद चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया है।

सुनील डिसूजा वोल्टास के नए चेयरमैन होंगे

बोर्ड ने टाटा ग्रुप की FMCG कंपनी टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (TCPL) के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO सुनील डिसूजा को वोल्टास का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। डिसूजा 12 नवंबर 2026 से यह जिम्मेदारी संभालेंगे।

डिसूजा की लीडरशिप में टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स टाटा साल्ट, टाटा टी, टेटली और टाटा सम्पन्न जैसे बड़े ब्रांड्स के तहत नमक, चाय, कॉफी, पैकेज्ड फूड और बेवरेज का कारोबार करती है।

कंपनी के नियमों के कारण नोएल टाटा का रिटायरमेंट

कंपनीज एक्ट 2013 के मुताबिक कोई भी व्यक्ति 70 साल या उससे ज्यादा उम्र होने पर MD या होल-टाइम डायरेक्टर के पद पर नहीं रह सकता और न ही उसका री-अपॉइंटमेंट होगा।

12 नवंबर 1956 को जन्मे नोएल टाटा 12 नवंबर 2026 को 70 साल के हो जाएंगे। नोएल टाटा साल 2003 से वोल्टास कंपनी से जुड़े रहे हैं। वर्तमान में वे टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन भी हैं।

ग्रुप की इसी पॉलिसी के तहत नोएल टाटा ने कुछ महीनों पहले टाटा ग्रुप की रिटेल फर्म ट्रेंट के चेयरमैन पद से भी इस्तीफा दे दिया था।

जयंत बालन नए मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त किए गए

कंपनी के मौजूदा मैनेजिंग डायरेक्टर सीपी मुकुंदन मेनन का कार्यकाल 24 मई 2027 को खत्म हो रहा है। वे टाटा ग्रुप की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत रिटायर होंगे।

जयंत बालन को 25 मई 2027 से 5 साल के कार्यकाल के लिए एडिशनल डायरेक्टर और MD नियुक्त करने की मंजूरी दी है। यह नियुक्ति शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के अधीन होगी।

जयंत बालन रूम एयर कंडीशनर बिजनेस के हेड हैं

जयंत बालन वर्तमान में कंपनी के रूम एयर कंडीशनर बिजनेस के हेड हैं। पदभार संभालने तक सुचारू बदलाव सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अब 'हेड - रूम एयर कंडीशनर बिजनेस एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डेजिग्नेट' के रूप में रीनेम किया गया है।

वेंकटेशलू पलानीस्वामी एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त

बोर्ड ने 12 नवंबर 2026 से लागू होने वाले कार्यकाल के लिए वेंकटेशलू पलानीस्वामी को नॉन-इंडिपेंडेंट, नॉन-एग्जीक्यूटिव कैटेगरी में एडिशनल डायरेक्टर नियुक्त करने की भी मंजूरी दे दी है।

नोएल टाटा ने 2017 में वोल्टास की कमान संभाली थी

नोएल टाटा ने साल 2017 में वोल्टास के चेयरमैन का पद संभाला था। वोल्टास के अलावा वे इस साल के आखिरी तक टाटा ग्रुप की कई अन्य बड़ी कंपनियों के बोर्ड से भी रिटायर होने वाले हैं।

इन कंपनियों में टाइटन, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉर्पोरेशन, टाटा स्टील और टाटा इंटरनेशनल शामिल हैं, जहां से वे इस साल के आखिरी तक हट जाएंगे।

क्या होता है 'चेयरमैन एमेरिटस'?

जब कोई अनुभवी और सीनीयर लीडर किसी कंपनी के चेयरमैन पद से रिटायर होता है, तो उसके लंबे अनुभव, मार्गदर्शन और योगदान का सम्मान करने के लिए कंपनी उन्हें 'चेयरमैन एमेरिटस' की मानद उपाधि देती है। वे कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज में शामिल नहीं होते, लेकिन एडवाइजरी भूमिका में बने रहते हैं।

क्या है कंपनीज एक्ट 2013 का नियम?

कंपनी अधिनियम 2013 के प्रावधानों के अनुसार, 70 साल की उम्र वाले व्यक्ति को एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर या होल-टाइम डायरेक्टर के रूप में नियुक्त या जारी नहीं रखा जा सकता, जब तक कि शेयरहोल्डर्स द्वारा स्पेशल प्रपोजल पास न किया जाए।