कोटा में धनतेरस की रात घर की बालकनी से गिरने से वकील के ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा खेलते समय रेलिंग पर चढ़ गया और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।
महावीर नगर एक्सटेंशन स्कीम निवासी डॉ. मोहित गौतम ने बताया कि शुक्रवार रात 8 बजे उनके छोटे भाई हर्षित गौतम का ढाई साल का बेटा अर्णित उर्फ शिवाय घर की बालकनी में खेल रहा था। मां दीये जला रही थी।
इसी दौरान बच्चा बालकनी की रेलिंग पर चढ़कर नीचे देखने लगा। बच्चे के गिरने के बाद रोने की आवाज सुनकर मां और अन्य परिजन दौड़कर पहुंचे। वे तुरंत उसे कॉमर्स कॉलेज चौराहे स्थित निजी अस्पताल लेकर गए, जहां 3 घंटे चले इलाज के बाद बच्चे की देर रात 12 बजे मौत हो गई। बच्चों के पिता वकील हैं और मां हाउसवाइफ है। बच्चे की एक बड़ी बहन है।

