Zomato ने बंद की नॉन-वेज खाने की डिलिवरी, जानिए कैसा रहा शेयर का हाल

Zomato ने बंद की नॉन-वेज खाने की डिलिवरी, जानिए कैसा रहा शेयर का हाल
नई दिल्ली: पॉपुलर फूड डिलिवरी ऐप जोमैटो (Zomato) ने कई राज्यों में नॉन-वेज फूड आइटम्स की डिलिवरी सस्पेंड कर दी। सोमवार को कई शहरों में कई यूजर्स ने इसकी शिकायत की। इस पर जोमैटो ने कहा कि सरकार की ओर से मिले निर्देशों के कारण यह बदलाव किया गया है। माना जा रहा है कि अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते राज्य सरकारों ने यह निर्देश दिया होगा। इस बीच जोमैटो के शेयरों में शुरुआती कारोबार में तेजी देखी जा रही है। पिछले सत्र में कंपनी का शेयर 133.10 रुपये पर बंद हुआ था और आज यह 2.18 फीसदी की तेजी के साथ 136 रुपये पर खुला। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 141.55 रुपये है।

नॉन-वेज आइटम्स की डिलिवरी नहीं होने की यूजर्स की शिकायत के बाद कंपनी ने कहा कि उत्तर प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में नॉन-वेज आइटम्स की डिलिवरी रोक दी है। सरकार से मिले निर्देश पर ऐसा किया गया है। कई राज्यों ने अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कारण सोमवार को मांस की बिक्री पर रोक लगाई थी। दिल्ली में भी सभी बूचड़खानों, मीट और मछली की दुकानों को सोमवार को बंद रखने का आदेश दिया गया था।

शेयर मार्केट

इस बीच शुरुआती कारोबार में शेयर मार्केट में तेजी दिख रही है। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स सुबह 9.50 बजे 557.79 अंक की बढ़त के साथ 71,981.44 अंक पर ट्रेड कर रहा था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 21,700 अंक के ऊपर ट्रेड कर रहा है। सेंसेक्स के शेयरों में आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, बजाज फिनसर्व और इन्फोसिस में तेजी आई है जबकि एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, मारुति और एचयूएल में गिरावट दिख रही है। जी एंटरटेनमेंट 10 फीसदी गिरावट के साथ खुला। सोनी ने कंपनी के साथ 10 अरब डॉलर की डील खत्म कर दी है।
Advertisement