दिल्ली समेत 6 राज्यों में जीरो विजिबिलिटी कई फ्लाइट्स प्रभावित हरियाणा-पंजाब में कोल्ड वेव का अलर्ट

दिल्ली समेत 6 राज्यों में जीरो विजिबिलिटी कई फ्लाइट्स प्रभावित हरियाणा-पंजाब में कोल्ड वेव का अलर्ट

दिल्ली समेत 6 राज्यों के एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह 6 बजे कोहरे के कारण जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। इसकी वजह से कई फ्लाइट्स प्रभावित हुई हैं। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने पैसेंजर्स को सलाह दी कि वे अपनी फ्लाइट्स की उड़ान कंफर्म करने के बाद ही एयरपोर्ट आएं।

मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, राजधानी दिल्ली और पालम एयरपोर्ट के अलावा पंजाब के अमृतसर, उत्तर प्रदेश के आगरा और प्रयागराज, मध्य प्रदेश के ग्वालियर, राजस्थान के जैसलमेर में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई।

दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान भी घने कोहरे की चपेट में हैं। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि नए साल में ठंड और बढ़ सकती है। 25 से 28 दिसंबर तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में कोहरा बढ़ेगा। पंजाब और हरियाणा में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।

हैदराबाद और बेंगलुरु की भी फ्लाइट्स प्रभावित
दिल्ली के अलावा हैदराबाद और बेंगलुरु से भी कई फ्लाइट्स प्रभावित हुए हैं। विस्तारा ने अपने कई फ्लाइट्स के रूट में बदलाव की घोषणा की। विस्तारा एयरलाइंस ने कोहरे के कारण हैदराबाद से दिल्ली आने वाली छह उड़ानों को डायवर्ट कर दिया।

बेंगलुरु से हैदराबाद जाने वाली फ्लाइट संख्या UK897 को वापस बेंगलुरु भेज दिया गया है। इसी तरह, मुंबई से हैदराबाद के लिए रवाना हुई फ्लाइट संख्या UK873 को भी प्रतिकूल मौसम की स्थिति का सामना करना पड़ा है।

नए साल में बारिश की आशंका
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, साल के आखिरी दिन यानी 31 दिसंबर से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इससे राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और तमिलनाडु में बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बारिश होगी। इस सिस्टम का असर 1 जनवरी को भी रहेगा। इसलिए ऐसी संभावना है कि इस बार नए साल की शुरुआत में बारिश हो सकती है।

राजस्थान में न्यू ईयर पर बारिश की संभावना; कोटा, भरतपुर, बीकानेर में कोहरा छाया

राजस्थान में आज कई शहरों में सुबह घना कोहरा रहा। गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू के साथ कोटा, भरतपुर, बारां एरिया में कोहरे के साथ हल्की सर्द हवाएं चलीं। इससे इन शहरों का मिनिमम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। राज्य में अगले 3-4 दिन तेज सर्दी रहने की संभावना है, लेकिन साल के आखिरी दिन बारिश की संभावना है। 

मध्य प्रदेश में नए साल की शुरुआत बादल-बारिश से होगी, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में घना कोहरा

मध्यप्रदेश में सोमवार सुबह कोहरा रहा। रायसेन में विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन और दूसरे शहरों में सुबह 8 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। 9 बजे के बाद कोहरा छंटना शुरू हुआ, लेकिन धुंध बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में नए साल की शुरुआत बादल और बारिश से होगी। 

यूपी में छाया घना कोहरा, अयोध्या-बाराबंकी में ऑरेंज अलर्ट; झांसी में कोहरे से 3 वाहन टकराए, 2 की मौत

झांसी में घने कोहरे के कारण भीषण सड़क हादसा हुआ है। जिसमें एक के बाद एक मिनी टूरिस्ट बस सहित 3 वाहन आपस में टकराए गए। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हो गए। बस सवार सभी लोग बागेश्वर धाम से ग्वालियर जा रहे थे। घटना मेडिकल बाइपास के पास झांसी-कानपुर हाईवे की है। 

हिमाचल में नए साल में बर्फबारी, 5 दिन खिलेगी धूप; अभी लाहौल स्पीति के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फ देख सकते हैं पर्यटक

हिमाचल प्रदेश में नए साल में बर्फबारी के आसार है। मौसम विभाग के मुताबिक, 30 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस फिर से एक्टिव हो रहा है। इससे 30 और 31 दिसंबर को पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है। 25 से 29 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम साफ रहेगा। इससे अगले चार-पांच दिनों में तापमान में इजाफा होगा। पर्यटकों के लिए मौसम सुहावना बना हुआ है।

छत्तीसगढ़ में 3 डिग्री तक गिरेगा रात का पारा; अगले 72 घंटे बाद फिर बढ़ेगी ठंड

छत्तीसगढ़ में पश्चिमी हवाओं के गुजरने के बाद फिर ठंड बढ़ने लगी है। अगले 72 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में सुबह तक कोहरा छाया रहा। हालांकि बाद में धूप निकल गई। रविवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री नारायणपुर में दर्ज किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री बीजापुर में रहा। 

​​​​​​​बिहार में आज से फिर बढ़ेगी ठंड, अगले 7 दिन तक मौसम में बनी रहेगी ठंडक

बिहार में पिछले कुछ दिनों से पछुआ हवा का प्रभाव रहने की वजह से कड़ाके की ठंड से लोगों को राहत मिल रही थी। अब पछुआ हवा का प्रभाव कम होने लगा है। जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी का अनुमान है। रविवार को गया का अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।







Advertisement