आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवक ने फांसी लगाई

आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवक ने फांसी लगाई
भोपाल। राजधानी के निशातपुरा थाना इलाके में एक युवक ने अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, इसलिए फिलहाल खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि वह आर्थिक तंगी से परेशान चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

दो माह से काम पर नहीं जा रहा था

निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय पंकज जैन करोंद स्थित पीपल चौराहा के पास अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। उसकी पिता की मौत हो चुकी है। छोटे भाई की तरह पंकज भी किसी दुकान पर काम करने जाता था, लेकिन दो माह से वह काम पर नहीं जाते हुए घर पर ही रहने लगा था। बुधवार को पंकज का भाई काम पर गया था। शाम के समय उसकी मां घर के कामकाज में व्यस्त थी, तभी पंकज ने घर के पीछे बरामदे में जाकर फांसी लगा ली थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मंदिर की धर्मशाला में युवक का शव मिला

उधर, निशातपुरा थाना इलाके में करोंद स्थित हनुमान मंदिर की धर्मशाला से गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक युवक का शव बरामद किया गया है। वह पेशे से मजदूर प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान युवक के पेंट की जेब से स्टील का नाप-जोख करने वाला टेप मिला है। इसके अलावा उसके पास से ऐसा कुछ भी नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके।
Advertisement