कालेजों में मनेगा युवा उत्सव, कला-संस्कृति की 22 विधाओं में हुनर दिखाएंगे विद्याथी

कालेजों में मनेगा युवा उत्सव, कला-संस्कृति की 22 विधाओं में हुनर दिखाएंगे विद्याथी
भोपाल। हर वर्ष की तरह इस बार भी प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कालेजों में युवा उत्सव का आगाज होने जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, सांगीतिक, साहित्यिक एवं रूपांकन गतिविधियों का प्रदर्शन किया जाता है। प्रदेश के 52 कालेजों में 14 सितंबर से ऐसी 22 विधाओं में विद्यार्थियों द्वारा अपना हुनर दिखाए जाने के साथ युवा उत्सव की शुरुआत होगी। हर जिले से एक कालेज को इस आयोजन के लिए चिह्नित किया गया है। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने समयसारिणी जारी कर सभी विश्वविद्यालयों को आयोजन की तैयारी करने के आदेश जारी किए हैं।

प्रत्येक जिले में चिह्नित महाविद्यालय को सौंपा जिम्मा

आदेश में लिखा है कि प्रत्येक जिले में चिह्नित महाविद्यालय के प्राचार्य विभिन्न महाविद्यालयों के लिए प्रतियोगिता का आयोजन जिले के समस्त महाविद्यालयों के सहयोग से कराएंगे। इसके लिए जिले के समस्त महाविद्यालयों की सहमति से प्रतियोगिता स्थल का निर्धारण किया जाएगा तथा निर्णायक पैनल का गठन किया जाएगा। आदेश में यह भी लिखा है कि किसी कारणवश निर्धारित तिथि में आयोजन नहीं हुआ तो छात्र कल्याण अधिष्ठाता और क्षेत्रीय अतिरिक्ति संचालक कालेजों के प्राचार्यों के साथ बैठक कर सुविधानुसार उत्सव करवाएंगे। इसके लिए एक पैनल भी बनाया जाएगा।

यह है कार्यक्रम

अंतर महाविद्यालय कक्षा स्तर प्रतियोगिता 14 से 16 सितंबर तक, अंतर महाविद्यालय जिला स्तर प्रतियोगिता पर 21 से 23 सितंबर तक और अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिता 17 से 19 जनवरी 2024 तक और अंतर विश्वविद्यालय राज्य स्तर प्रतियोगिता दो से चार फरवरी 2024 तक होंगी।

Advertisement