भोपाल। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अन्ना नगर में शनिवार रात बिजली सुधारते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। इस वजह से स्वजन और बस्ती के लोगों ने आर्थिक मदद के लिए रविवार को प्रदर्शन करने की तैयारी की थी। पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर लोग जुटने भी लगे थे, लेकिन पुलिस अधिकारियों के समझाइश के बाद वे शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।
बार-बार गुल हो रही थी बिजली
गोविंदपुरा थाना प्रभारी अवधेश सिंह तोमर ने बताया कि अन्ना नगर निवासी दीपेंद्र बिजली के अलावा केबल सुधारने का काम करता था। शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे बार-बार बिजली गुल हो रही थी। इस वजह से दीपेंद्र घर से करीब 10 मीटर दूर बिजली के खंभे के पास जाकर बिजली सुधारने की कोशिश कर रहा था। उस समय वर्षा भी हो रही थी। काम करते समय अचानक दीपेंद्र को करंट का जोरदार झटका लगा। बेसुध हालत में उसे लेकर स्वजन जेपी अस्पताल पहुंचे। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने दीपेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
टीआइ तोमर ने बताया कि रविवार को दीपेंद्र का शव रखकर अन्ना नगर में प्रदर्शन करने की तैयारी की सूचना मिली थी। इस वजह से सुबह से ही पुलिस मौके पर मौजूद थी। शव के घर पहुंचने के बाद स्वजन से बातचीत की गई। उसके बाद वे लोग शव को अंतिम संस्कार के लिए लेकर चले गए।
सर्पदंश से बालक की मौत
उधर, नजीराबाद थाना क्षेत्र के रुनाहा गांव में एक बालक की सर्पदंश से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक 15 वर्षीय कपिल पुत्र दीप सिंह पाल नौवीं कक्षा में पढ़ता था। शुक्रवार सुबह वह दूध लेकर घर जा रहा था, तभी घर के पास जहरीले सर्प ने उसे डस लिया था। स्वजन उसे झाड़-फूंक कराने ले गए, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं आया। उसके बाद परिवार के लोग कपिल को इलाज के लिए चिरायु अस्पताल ले गए। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।











