भोपाल। फैशन का है ये जलवा... इस गीत पर जब युवक-युवतियों ने रैंप वाक किया, हर कोई उनके प्रोत्साहन के लिए तालियां बजाता दिखा। भोपाल हाट में शुक्रवार शाम को आयोजित इस फैशन शो में ज्यादातर प्रतिभागी युवतियां/महिलाएं थीं। इसका आयोजन मप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा किया गया। इस फैशन शो की तैयारी पिछले एक माह से चल रही थी, जिसमें कामकाजी महिलाओं ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। चिकित्सक, पुलिस कर्मचारियों की पत्नियों के अलावा समाजसेविका, रंगकर्मी महिलाएं भी इसमें शामिल हुईं।
35 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
मप्र खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के शकील खान ने बताया कि इस फैशन शो का मकसद आमजन के बीच खादी को बढ़ावा देना था। इसमें 35 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 08 युवक भी शामिल थे। इस दौरान प्रतिभागियों ने साड़ी, सूट, पायजामा-कुर्ता आदि का प्रमोशन किया, जो सिर्फ खादी से बनाए गए थे। उक्त आयोजन में उन वस्त्रों को ही शामिल किया गया, जो दीपावली, पार्टी और शादी में पहने जा सकते हैं।
बालीवुड अभिनेत्रियां भी हैं खादी की दीवानी
खादी की दीवानी बालीवुड की अभिनेत्रियों और अभिनेता भी हैं। इसमें खासकर महिलाएं करीना कपूर, रानी मुखर्जी और दीपिका पादूकोण पैटर्न की साड़ियां पहनकर रैंपवाक करते नजर आईं। उक्त आयोजन के लिए शो स्टापर मिसेस इंडिया इंटरनेशनल डा. रीनू यादव को बनाया गया, जिन्होंने फैशन शो के दौरान प्रतिभागियों की हौसला अफजाई भी की।











