पंजाब के गुरुद्वारे में युवक की हत्या बेअदबी के शक में निहंग ने तलवार से काटा, कत्ल से पहले VIDEO बनाया माहौल तनावपूर्ण

पंजाब के गुरुद्वारे में युवक की हत्या बेअदबी के शक में निहंग ने तलवार से काटा, कत्ल से पहले VIDEO बनाया माहौल तनावपूर्ण

पंजाब में कपूरथला के फगवाड़ा स्थित गुरुद्वारा चौरा खूह साहिब में निहंग ने बेअदबी के शक में युवक की हत्या कर दी। युवक को तलवार से काटकर मारा गया है। हत्या का पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची तो लुधियाना के निहंग रमनदीप सिंह मंगू मठ ने खुद को गुरुद्वारा परिसर में बंद कर लिया।

वहीं कत्ल से पहले उसने युवक की वीडियो बनाई। जिसमें युवक यहां बेअदबी करने आया है। उसे बेअदबी के लिए रुपए मिलने थे। बेअदबी के लिए उकसाने के लिए वह किसी सुखी का नाम ले रहा है। मंगलवार सुबह 3 बजे युवक की हत्या की गई।

कत्ल का पता चलते ही भारी पुलिस फोर्स गुरुद्वारे में पहुंच गई है। लाश को उठाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मौके पर निहंग भी इकट्‌ठा हो रहे हैं। जिस वजह से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।

कत्ल से पहले युवक की बनाई वीडियो
निहंग रमनदीप सिंह मंगू मठ ने हत्या करने से पहले युवक की वीडियो बनाई। जिसमें निहंग युवक से पूछताछ कर रहा है। युवक कहता है कि उसे बेअदबी के लिए 2 से 3 हजार रुपए मिलने थे। युवक ने कहा कि उसे सुखी ने भेजा। उसे कहा कि गुरुद्वारे में जाकर बैठना और उल्टा-सीधा काम करना। मगर मैंने कुछ किया नहीं। मैं ईमानदार और मेहनती हूं।

आगे निहंग ने पूछा कि क्या उसे बाणी के साथ कुछ करने को कहा था तो युवक बोला कि हां, मुझे छेड़छाड़ और अपशब्द लिखने को कहा था। युवक बार-बार कहता रहा कि मैंने कुछ नहीं किया।

युवक बेअदबी करने आया था
गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य ने कहा कि मंगू मठ मेरा बेटा है। वह किसी काम से यहां फगवाड़ा गुरुद्वारे में आया था। रात अंधेरा होने की वजह से वह गुरुद्वारे में ही रुक गया। जब युवक बेअदबी करने आया तो मंगू मठ ने उसे पूछा तो उसने कहा कि उसे रुपए दिए गए हैं। जब मंगू मठ ने उससे और पूछताछ की तो उसने श्री गुरु ग्रंथ साहिब को गलत कहा, जिसकी वजह से मंगू मठ को गुस्सा आ गया।

उन्होंने कहा कि युवक उनके गुरु की बेअदबी करने के लिए आया था। उसका कत्ल सेल्फ डिफेंस में हुआ है। कानून अपना काम करे, हम कुछ नहीं कहते।

पुलिस जांच कर रही है
फगवाड़ा SP गुरप्रीत सिंह ने कहा कि निहंग ने गुरुद्वारा चौरा खूह में बेअदबी के शक में युवक की हत्या कर दी। सीनियर अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। जांच की जा रही है।

जालंधर से पुलिस की टीमें कपूरथला भेजीं
जालंधर रेंज के डीआईजी एस. भूपति, जालंधर के एसएसपी मुखविंदर सिंह भुल्लर भी मौके पर मौजूद हैं। 200 से ज्यादा पुलिस मुलाजिम मौके पर तैनात किए गए हैं। जालंधर से भी पुलिस मुलाजिमों की टीमें भेजी गई हैं।

बेअदबी के शक में कत्ल की 5 बड़ी घटनाएं...

1. सिंघु बॉर्डर पर निहंगों ने की युवक की हत्या
अक्टूबर 2021 को किसान आंदोलन के दौरान सिंघु बॉर्डर पर निहंगों ने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी करते युवक को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद निहंगों ने युवक के हाथ-पैर काट कर उसकी हत्या कर दी और बॉडी को सड़क किनारे बैरिकेड से लटका दिया।

2. 2021 में गोल्डन टेंपल के बेअदबी के आरोपी का कत्ल
दिसंबर 2021 को अमृतसर में गोल्डन टेंपल के गुरुघर में एक युवक श्री गुरुग्रंथ साहिब के बिल्कुल करीब पहुंच गया था। उसने बेअदबी का प्रयास किया था। तुरंत सेवादारों ने उसे रोका। यहां संगत गुस्से में आ गई। जिसके बाद आरोपी को वहीं पीट-पीट कर मार दिया गया।

3. कपूरथला में निशान साहिब की बेअदबी का आरोप लगा मर्डर
दिसंबर 2021 में कपूरथला में भी निशान साहिब की बेअदबी का आरोप लगा युवक की हत्या कर दी गई थी। हालांकि बाद में इस मामले में पुलिस ने मर्डर केस दर्ज किया था।

4. बेअदबी के आरोपी की जेल में मौत
अप्रैल 2023 में पंजाब के रोपड़ जिले के मोरिंडा में कोतवाली साहिब गुरुद्वारे में केशधारी युवक ने अंदर घुसकर पाठ कर रहे ग्रंथियों को पीटना शुरू कर दिया। घटना के बाद गुरुद्वारे में मौजूद लोगों ने बेअदबी करने वाले युवक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर डाली। संगत युवक को घसीटते हुए गुरुद्वारे से बाहर ले गई। कुछ दिनों बाद ही आरोपी की जेल में मौत हो गई थी।

5. पटियाला के गुरुद्वारे में महिला को मारी गोली
मई 2023 में पटियाला के गुरुद्वारा में बेअदबी मामले में एक श्रद्धालु ने महिला की गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोप था कि महिला गुरुद्वारा दुख निवारण साहिब के परिसर में सरोवर के पास शराब पी रही थी। गोलीबारी में एक सेवादार भी घायल हो गया था।


Advertisement