तुम तो पूरे मुंशी हो, तुम्हारे बस की बात नहीं तहसील चलाना... फतेहपुर में SDM पर क्यों भड़क गए मंत्री जी?
Updated on
21 Sep 2023, 12:46 PM
फतेहपुरः उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में आए योगी सरकार के मंत्री राकेश सचान का उस समय पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया, जब जमीन विवाद लेकर आए एक फरियादी ने अधिकारियों से कई बार शिकायत के भी बाद न्याय न मिलने की बात कही। मंत्री ने तत्काल एसडीएम को बुलाकर फटकार लगाई और कहा कि तुम तहसील चलाने लायक नहीं हो। तुम तो पूरे मुंशी हो। इसका वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। वीडियो जिला मुख्यालय स्थित डाक बंगले में रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान का बताया जा रहा है।
विश्वकर्मा जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में आए थे मंत्री
योगी सरकार के कैबिनेट राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सचान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर शहर के आबूनगर स्थित डाक बंगले कार्यक्रम में शिरकत करने आए थे। इस दौरान कार्यक्रम में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी पहुंचे थे। उन्हीं में से एक पीड़ित जमीन से संबंधित कई बार एसडीएम सदर प्रभाकर त्रिपाठी से शिकायत करने के बाद न्याय न मिलने की बात प्रभारी मंत्री से कही। इस पर कार्यक्रम में मौजूद सदर एसडीएम को मंत्री ने तलब किया।
कार्यक्रम में मौजूद एसडीएम के सामने ही पीड़ित ने की थी शिकायत
तभी पीड़ित ने मंत्री के सामने ही एसडीएम से कई बार शिकायत करने की बात कही। यह सुनकर मंत्री का पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया और वह गुस्से में लाल हो गए। मंत्री ने सदर एसडीएम को जमकर फटकार लगाई और कहा कि तुम्हारी क्षमता तहसील चलाने लायक नहीं है। तुम्हारी बात लेखपाल नहीं मानता। सिपाही नहीं सुनता। तुम नायब से आए। तहसीलदार बने। फिर एसडीएम बन गए। तुम तो तहसील के पूरे मुंशी हो। तुम्हें तो नीचे तक का ज्ञान है। कम से कम अपने ज्ञान को इस्तेमाल करो और लोगों के साथ अन्याय न होने दो।