दिल्ली-नोएडा में येलो तो गुजरात में रेड अलर्ट, जानिए आज कहां-कैसा रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर में जहां बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है वहीं कुछ राज्यों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। मौसम विभाग ने आज यानी 3 सिंतबर के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। पहाड़ो से लेकर मैदानी इलाकों तक बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई इलाकों में दो दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने आज गुजरात में भारी बारिश की संभावना जताई है और रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी विदर्भ और उसके आसपास के क्षेत्रों में दबाव के कारण मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र में अत्यधिक भारी वर्षा होने के आसार हैं। जानिए आज कहां-कैसा मौसम रहेगा।
दिल्ली में आज बारिश का येलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने आज और कल के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली में आमतौर पर बादल छाए रहने तथा हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट
ओडिशा के मौसम विभाग की वैज्ञानिक मनोरमा मोहंती ने कहा, "पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है... 4 सितंबर से बारिश बढ़ने की संभावना है... 5 सितंबर को कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, मलकानगिरी, कोरापुट, रायगड़ा, नवरंगपुर और गजपति जिलों में भारी बारिश की संभावना है... दक्षिण ओडिशा में बारिश की अधिक संभावना है।"
गुजरात में भारी बारिश से बुरा हाल
मौसम विभाग ने इस सप्ताह गुजरात में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। आईएमडी ने आज और कल छोटा उदयपुर, नर्मदा और सूरत जिलों में अलग-अलग स्थानों पर अत्याधिक बारिश होने का अनुमान लगाया है। अगले तीन दिन के दौरान राज्य भर में व्यापक बारिश की भी भविष्यवाणी की गई है, शनिवार तक कुछ हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है।
यूपी में फिर करवट लेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। आईएमडी ने आज पश्चिमी यूपी के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि यूपी के कुछ जिलों में आज से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके बाद 4, 5 और 6 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिकतर जगहों पर बारिश होने की संभावना है।











