भोपाल। संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन पर तीसरे प्लेटफार्म का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। रामगंज मंडी से तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम भी तेज हो गया है। पिछले दिनों केंद्र सरकार द्वारा इस स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे स्टेशनों की सूची में शामिल किए जाने के बाद इसके पुनर्विकास एवं सुंदरीकरण का काम भी जारी है है। जल्द ही दूसरे छोर पर प्रबंधक कक्ष निर्माण एवं पार्किंग का काम पूरा हो जााएगा। वर्तमान प्रतीक्षालय की जगह नए आधुनिक प्रतीक्षालय का निर्माण करने का प्रस्ताव है।
नए साल में शुरू हो सकता है तीसरा प्लेटफार्म
तीसरे प्लेटफार्म पर नए साल के पहले माह में ही आवाजाही शुरू होने की संभावना है। स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर नया कोटा स्टोन एवं टाइल्स लगाए गए हैं। नए स्टेशन प्रबंधक कक्ष का निर्माण प्लेटफार्म क्रमांक दो के बाद खाली पड़ी जमीन पर किया जा रहा है। प्लेटफार्म एक पर स्थित वर्तमान प्रबंधक एवं नियंत्रण कक्ष दूसरे पर शिफ्ट करने का प्रस्ताव है। बाद में पुराने प्रबंधक कक्ष को प्रतीक्षालय में बदलने का प्रस्ताव है। रामगंज मंडी से आने वाली तीसरी लाइन का काम भी तेज गति से चल रहा है। वर्तमान यहां पर दो प्लेटफार्म हैं। स्टेशन की पुनर्विकास योजना का शुभारंभ पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आनलाइन किया था।
दूसरे प्रवेश द्वार का निर्माण होना चाहिए
सीटीओ छोर से नया प्रवेश द्वार बनाने का भी प्रस्ताव था, लेकिन फिलहाल इसे ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। इसका निर्माण होने से 50 हजार से अधिक आबादी को लाभ होगा। उल्लेखनीय है कि संत हिरदाराम नगर की बड़ी आबादी स्टेशन के दूसरे छोर पर निवास करती है। सीटीओ, देवलोक कालोनी, कैंप नंबर 12, पूजाश्री नगर एवं कैलाश नगर आदि कालोनियों में तेजी से बसाहट बढ़ी है। यदि दूसरा प्रवेश द्वार बनता है तो बड़ी आबादी को लाभ मिलेगा। हाल ही में आरओबी को भी स्टेशन से जोड़ने का का निर्णय लिया जा चुका है। रेल सुविधा संघर्ष समिति के अध्यक्ष परसराम आसनानी का कहना है कि सेकंड एंट्री गेट के लिए हम डीआरएम से मिलेंगे।











