भोपाल। राजधानी के टीटी नगर में स्थित न्यूमार्केट में खरीदारी करने आने वाली महिलाओं को अब बाजार में अलग टायलेट के साथ बेबी फीडिंग रूम की सुविधा मिलेगी। सोमवार को महापौर मालती राय ने क्वालिटी रेस्टोरेंट के पास बने इस शी-टायलेट का लोकार्पण किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद आरती अनेजा, न्यू मार्केट व्यापारी संघ के पूर्व सचिव अजय देवनानी समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं व्यापारीगण मौजूद रहे।
ये सुविधाएं होंगी
महापौर ने बताया कि करीब 20 लाख रुपए की लागत से इस शी-टायलेट का निर्माण किया गया है। इसमें महिलाओं के लिए वाशरूम, ड्रेसिंग रूम, सेनेटरी नैपकिन डिस्पेंसर और बेबी फीडिंग जोन की सुविधा मिलेगी। इसमें महिला कर्मचारियों की नियुक्ति होगी। यहां एक महिला गार्ड व एक महिला अटेंडर रहेगी। टायलेट व वाशरूम का उपयोग निश्शुल्क रहेगा। इसके अलावा नैपकिन व अन्य सुविधाओं का शुल्क चुकाना होगा।
अन्य स्थानों पर भी शी-टायलेट बनाने की मांग
न्यूमार्केट में शी-टायलेट के शुरु होने पर व्यापारियों ने महापौर को धन्यवाद देते हुए, बाजार के अन्य स्थानों पर भी इस प्रकार की सुविधा शुरु करने की मांग की है। बता दें कि न्यूमार्केट में खरीदारी करने आने वाले लोगों में 50 प्रतिशत जनसंख्या महिलाओं की होती है। इस सुविधा के शुरू होने से आधी आबादी को बाजार में प्रसाधन की सुविधा सुलभ होगी।











