भोपाल। कोलार इलाके में स्कूल सवार एक महिला पर अज्ञात व्यक्ति ने हमला कर दिया और अंधेरे का लाभ उठाकर खेतों की तरफ भाग निकला। इस हमले में महिला के गाल पर गंभीर चोट आई। जब महिला रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंची तो पुलिस ने एफआइआर लिखने के बजाय एनसीआर (गैर-संज्ञेय अपराध) काटकर उसे रवाना कर दिया। पुलिस के आला अधिकारियों तक जब यह मामला पहुंचा, तो उनके कहने पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारदार हथियार से हमला करने का प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस हमलावर की तलाश कर रही है।
नहर के पास किया था हमला
पुलिस के मुताबिक मनीषा पाटिल (29) गौरव नगर में रहती हैं और गृहणी हैं। उनके पति दीपक पाटिल वन भवन में नौकरी करते हैं। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे मनीषा अपनी स्कूटर से पति दीपक को लेने के लिए डीमार्ट जा रही थी। नहर के पास रास्ते में गड्ढा मिला तो उन्होंने अपनी स्कूटर की रफ्तार धीमी कर ली। इसी बीच किसी ने उन्हें कोई चीज मारी, जिससे उनकी स्कूटर अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिरी पड़ी। तभी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मुंह और गला दबाने की कोशिश की। मनीषा ने विरोध करते हुए उसके हाथ पर दांत से काट लिया तो पकड़ ढीली पड़ गई। इस दौरान वहां से दो मोटर सायकिलों पर कुछ लोग पहुंचे तो वह व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाते हुए खेतों की तरफ भाग निकला।
नशे में था हमलावर
मनीषा ने बताया कि हमला करने वाला व्यक्ति नशे की हालत में लग रहा था। जब उन्होंने थाने जाकर शिकायत की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बजाए एनसीआर काटकर टरका दिया। कुछ समय बाद मामला इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अधिकारियों तक पहुंचा तो पुलिस ने मनीषा की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चाकूबाजी का केस दर्ज कर लिया। जबकि पूर्व में पुलिस ने इस मामले में एनसीआर काटकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की।











