क्या बारिश खराब करेगी भारत-वेस्टइंडीज टेस्ट का मजा? जानें डोमिनिका में अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम
रोसेउ (डोमिनिका): भारत और वेस्टइंडीज (IND vs WI) के बीच आज से टेस्ट सीरीज की शुरुआत हो रही है। डोमिनिका के रोसेउ में स्थित विंडसर पार्क में दो मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाएगा। टेस्ट चैंपियनशिप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद भारतीय टीम नई शुरुआत को ओर देख रही है। वहीं वेस्टइंडीज वर्ल्ड कप 2023 के लिए क्वॉलीफाई नहीं करने के कलंक को धोने उतरेगी।
मैच के पांच दिन कैसा रहेगा मौसम?
मैच के पहले दिन आज बारिश की संभावना 55 प्रतिशत है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे और आंधी भी आ सकती है। ऐसे में मैच को कई बार रोकना पड़ सकता है। मैच के दूसरे दिन भारत की संभावना 25 प्रतिशत है। हालांकि Accuweather के अनुसार मैच के तीसरे और चौथे दिन बारिश की बात नहीं कही गई है। हालांकि आसमान में बादल छाए रहेंगे। अगर मैच 5वें दिन पहुंचता है तो बारिश की सबसे ज्यादा संभावना है। रविवार को डोमिनिका के रोसेउ में पूरे दिन बारिश की भविष्यवाणी की गई है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही आ गई थी बारिश
बीसीसीआई ने कल अजिंक्य रहाणे के प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो शेयर किया था। उसमें तुंरत ही इतनी तेज बारिश आ गई की सभी को भागते हुए मैदान से बाहर जाना पड़ा। यहां खेला गया भारत का पिछला टेस्ट भी बारिश की वजह से ड्रॉ रहा था। पहले से एक दिन पहले मंगलवार को भी वहां बारिश हुई थी।











