खुशी से झूम उठीं पत्नी प्रीति नारायण, जब पति अश्विन ने शकिब-अल-हसन को किया आउट

खुशी से झूम उठीं पत्नी प्रीति नारायण, जब पति अश्विन ने शकिब-अल-हसन को किया आउट
चेन्नई टेस्ट के चौथे दिन का खेल जब शुरू हुआ तो भारत को जीत के लिए छह विकेट और चाहिए थे, लेकिन बांग्लादेशी बल्लेबाज आउट होने का नाम ही नहीं ले रहे थे। कप्तान नजमल-हसन-शंटो और पूर्व कप्तान शकिब-अल-हसन क्रीज पर सेट हो चुके थे। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, रविंद्र जडेजा किसी कोई भी इस साझेदारी को तोड़ नहीं पा रहा था। तब कप्तान रोहित शर्मा ने पहली बार गेंद लोकल ब्वॉय रविचंद्रन अश्विन को थमाई।

अश्विन ने आते ही अपने पहले ओवर में शकिब-अल-हसन जैसी बड़ी मछली फंसाई। राउंड द विकेट बॉल करते हुए अश्विन ने स्लिप और शॉर्ट लेग लगाया था। अनुभवी ऑफ स्पिनर ने ओवर की चौथी गेंद सीधी लेंथ पर फेंकी, जो एंगल के सहारे अंदर आई, इसे शकिब ने रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन भीतरी किनारा लगा और शॉर्ट लेग पर मुस्तैद यशस्वी जायसवाल ने बाईं तरफ डाइव करते हुए एक हाथ से दर्शनीय कैच पकड़ा।

शकिब अल हसन 56 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। पहली पारी में शतक बनाने वाले अश्विन का यह दूसरी पारी में चौथा विकेट था। अपने पति की इस सफलता पर स्टेडियम में ही मौजूद प्रीति नारायण खुशी से झूम उठीं। खड़े होकर उन्होंने दिल खोलकर तालियां बजाईं। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
Advertisement