हमेशा जल्दबाजी में रहने वाले एलन मस्क भारत आने में क्यों कर रहे देरी! कहीं चीन तो नहीं है वजह

हमेशा जल्दबाजी में रहने वाले एलन मस्क भारत आने में क्यों कर रहे देरी! कहीं चीन तो नहीं है वजह
नई दिल्ली: दुनिया के टॉप रईसों में शामिल एलन मस्क ने अपना भारत का दौरा टाल दिया है। उनका 21 और 22 अप्रैल को भारत आने का कार्यक्रम था। लेकिन उन्होंने व्यक्तिगत व्यस्तताओं का हवाला देकर इसे टाल दिया। माना जा रहा है कि अब वह इस साल के आखिर तक भारत आ सकते हैं। उनकी कंपनी इलेक्ट्रिक कार कंपनी टेस्ला लंबे समय से भारत में एंट्री मारने की तैयारी में है लेकिन बात बन नहीं पा रही है। इस बीच मस्क का भारत दौरा टलने के साथ ही टेस्ला ने चीन में अपनी कारों की कीमत सस्ती कर दी। कंपनी ने वहां अपनी कारों की कीमत में करीब 2,000 डॉलर की कटौती की है। सवाल यह है कि हमेशा जल्दबाजी में रहने वाले मस्क भारत में अपनी कंपनी की एंट्री को लेकर इतने सतर्क क्यों हैं?

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे और पेशे से इंजीनियर मस्क के बारे में मशहूर है कि वह हमेशा जल्दबाजी में रहते हैं। उनके साथ शुरुआती दिनों में काम कर चुके इंजीनियर केविन ब्रोगन कहते हैं, 'मस्क हमेशा जल्दबाजी में रहते हैं। वह टॉयलेट में भी जल्दबाजी में रहते हैं। तीन सेकेंड में उनका काम हो जाता है।' शायद यही उनकी सफलता का राज है। मस्क ने इतने कम समय में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वे अविश्वसनीय हैं। वह एक साथ कई कंपनियां चला रहे हैं। टेस्ला आज दुनिया की सबसे मूल्यवान ऑटो कंपनी है जबकि स्पेसएक्स अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक रॉकेट छोड़ने वाली दुनिया की पहली निजी कंपनी है। मस्क का मिशन मंगल पर इंसानी बस्ती बसाना है और इस मिशन को पूरा करने के लिए वह मिशन मोड पर काम कर रहे हैं।
Advertisement