भाजपा अध्यक्ष ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि कल कुछ लोग मुंबई आए थे, कौन थे ये लोग? ये वो लोग थे जो परिवार को आगे ले जाना चाहते हैं। लालू को तेजस्वी की चिंता है। अखिलेश को डिंपल की चिंता है। सोनिया जी को राहुल की चिंता है, ये काहे की नेशनल पार्टी है? ये तो परिवार की पार्टियां हैं। उद्धव किसकी चिंता कर रहे हैं, महाराष्ट्र की या आदित्य की? एनसीपी में पिछले दिनों हुए बिखराव की चर्चा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि शरद जी की पार्टी परिवार के कारण टूटी। एनसीपी में टूट के बाद एक खेमा एनडीए का हिस्सा बन गया है। अजित पवार को महाराष्ट्र में उप मुख्यमंत्री बनाया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने सरकार के कामकाज का दिया ब्योरा
भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के कामकाज का ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि 9 साल पहले भारत विश्व की 11वीं अर्थव्यवस्था था। मोदी सरकार की नीतियों की वजह से आज हम ब्रिटेन को पछाड़कर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी इकॉनमी बन गए हैं। पीएम मोदी ने देश को 5 ट्रिलियन डॉलर की इकॉनमी का सपना देखा है। इस पर काम हो रहा है।
नड्डा ने कहा कि आज भारत में रेलवेज, एयरवेज, रोडवेज हर तरह की कनेक्टिविटी पर काम चल रहा है। ये विकसित भारत बनने की पहचान है। भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। आज आदित्य एल-1 लॉन्च हुआ है। उन्होंने सवाल किया कि क्या 9 साल पहले आप ये कल्पना कर सकते थे?
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमने तय किया है, हर वार्ड में, हर गांव में, हर पंचायत में, हर म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन में वृक्षारोपण का कार्य किया जाएगा। अपने आप को पर्यावरण से जोड़ा जाएगा और हर घर से जाकर मिट्टी लेकर कलश में एकत्र किया जाएगा। हम संकल्प लेंगे कि अमृतकाल में भारत को विकसित राष्ट्र बनाएंगे।
कार्यकर्ताओं का किया आह्वान
भाजपा अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे ही हमारे लाखों कार्यकर्ता, करोड़ों साथियों के साथ सभी शहीदों के घर पर जाकर उनके माता-पिता को, भाई-बहन को याद दिलाना है कि वो अकेले किसी परिवार के नहीं हैं। उनके साथ पूरा देश है। हमारा देश राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत है। इसलिए उन राष्ट्रभक्तों को समर्पण भाव से याद करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने के उद्देश्य को लेकर हम चले हैं। इसलिए हमने तय किया है कि हर वार्ड में, हर गांव और हर पंचायत में 'मेरी माटी मेरा देश' कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें याद करना है।











