अनुराग जैन कौन हैं जिन्‍हें सरकार ने बनाया नीति आयोग का नया सीईओ, पूरी डिटेल

अनुराग जैन कौन हैं जिन्‍हें सरकार ने बनाया नीति आयोग का नया सीईओ, पूरी डिटेल
नई दिल्‍ली: सरकार ने अनुराग जैन को नीति आयोग का नया सीईओ नियुक्‍त किया है। अनुराग जैन मध्‍य प्रदेश कैडर के 1989 बैच के IAS अधिकारी हैं। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इसकी मंजूरी दी। इस बारे में कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से एक आदेश जारी हुआ है। इसमें उनकी नियुक्‍ति की शर्तों का लेखा-जोखा दिया गया है।

कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, जैन की नियुक्ति उस तारीख से प्रभावी होगी जब वह अपना पद संभालेंगे।

क्या कहता है आदेश?

आदेश में कहा गया है कि वह नीति आयोग के सीईओ के तौर पर अपनी सेवा के स्वीकृत विस्तार कार्यकाल के पूरा होने तक और उसके बाद कुल दो साल की अवधि के लिए या अगले आदेश तक, इनमें से जो भी पहले हो, काम करेंगे।

इसमें आगे कहा गया है कि उनकी नियुक्ति उन्हीं शर्तों और नियमों के तहत होगी जो उनके पूर्ववर्ती अधिकारी पर लागू थे। इस नियुक्ति को भारत सरकार के तहत कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दी है।

कौन हैं अनुराग जैन?

अनुराग जैन को एडमिनिस्ट्रेशन में लगभग चार दशकों का अनुभव है। उन्‍होंने केंद्र और मध्य प्रदेश सरकार दोनों में कई अहम पदों पर काम किया है। अपने करियर के दौरान वह कई तरह की पॉलिसी और एडमिनिस्ट्रेटिव पहलों से जुड़े रहे हैं। खासकर इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, इंडस्ट्रियल ग्रोथ और गवर्नेंस में सुधार के क्षेत्रों में।

नीति आयोग के सीईओ के तौर पर क्‍या होगा काम?

नीति आयोग केंद्र सरकार का प्रमुख पब्लिक पॉलिसी थिंक टैंक है। इस आयोग के सीईओ के तौर पर जैन कोऑपरेटिव और कॉम्पिटिटिव फेडरलिज्‍म को बढ़ावा देने, साक्ष्‍यों पर आधारित पॉलिसी बनाने में मदद करने और राष्ट्रीय विकास की अहम प्राथमिकताओं को लागू करने की कोशिशों की देखरेख करेंगे।
Advertisement