भोपाल। बिजली कंपनी के पेंशनरों और प्रदेश के अलग-अलग संवर्ग के शासकीय अधिकारी, कर्मचारी रविवार को भोपाल में जुटे। उन्होंने पुरानी पेंशन, वेतन विसंगति, एरियर की लंबित राशि, पदनाम में बदलाव समेत अन्य मांगें पूरी नहीं करने पर सरकार के खिलाफ नाराजगी प्रकट की। साथ ही शासन पर मांगों को पूरा नहीं करने, कर्मचारियों को अनदेखी करने के आरोप लगाए। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ व दिग्विजय सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन सहित सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। पेंशनर गोविंदपुरा स्थित बिजली नगर और अधिकारी, कर्मचारी आंबेडकर मैदान में जुटे थे।
पेंशनरों का शोषण बंद हो
यूनाइटेड फोरम फार पावर इंप्लाइज एवं इंजीनियर्स के बैनर तले पेंशनर जुटे थे, जिसमें फोरम के अध्यक्ष वीकेएस परिहार ने कहा कि पेंशनर व बिजली कंपनी के अधिकारी-कर्मचारियों के सामने कई समस्याएं हैं। सभी को समय-समय पर विभाग के अधिकारियों व मंत्री के सामने रखते रहे हैं। आश्वासन मिलता है, लेकिन लाभ नहीं मिलता। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि शिवराज सरकार में हर वर्ग परेशान है, केवल झूठी और कागजी घोषणाएं की जा रही हैं। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद यह स्थिति नहीं रहेगी।
बरसते पानी में डटे रहे अधिकारी, कर्मचारी
उधर, आंबेडकर मैदान में अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जुटे थे। मोर्चा के संरक्षक भुवनेश कुमार पटेल ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि लिपिकों की मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों की गैर आर्थिक पदनाम बदले जाने की मांग तक पूरी नहीं की जा रही है। दूसरे राज्य पुरानी पेंशन बहाल कर रहे हैं, लेकिन मप्र सरकार ध्यान नहीं देती। अध्यापक से शिक्षक बनाए गए शिक्षक वरिष्ठता व कार्य दिनांक से नियुक्ति दर्शाए जाने को लेकर परेशान हैं। यह पूरी तरह विभागीय गड़बड़ी है, जिसे दूर नहीं किया जा रहा है। मोर्चा के अन्य पदाधिकारियों ने खाली पदों को भरने, एरियर की लंबित राशि दिलाने समेत सभी लंबित मांगों को लेकर अपनी बात रखी। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस की सरकार बनने पर उन्हें पूरा करने का भरोसा दिया। विरोध-प्रदर्शन में भाजपा नेता पंकजा मुंडे की बहन करुणा धनंजय मुंडे भी पहुंचीं। सभा के दौरान वर्षा होने लगी, लेकिन कर्मचारी डटे रहे।