जब नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए थे लालू यादव, I.N.D.I.A. की बैठक में सुनाया दिलचस्प किस्सा
Updated on
02 Sep 2023, 01:35 PM
पटनाः विपक्षी गठबंधन आई.एन.डी.आई.ए. की बैठक के बाद आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। लालू यादव ने कहा कि वे पहले से ही नरेंद्र मोदी के खिलाफ लड़ाई लड़ते आ रहे हैं, विपक्षी नेता उन्हें पद से ही हटा कर ही दम लेंगे। उन्होंने कहा-‘सुन ले मोदी जी, अब आप समझ लेना कि पहले ही मैं आपसे लड़ता आ रहा हूं। गुजरात में हिंसा के समय से ही। आपके और आपके गुरु (अमित शाह का नाम भूलने पर दूसरे नेता से पूछते हैं) से। अमित शाह... बताओ, ई-कहां के शाह नेता हो गए, कब संघर्ष किया।’राज्यसभा में गमछी बिछा कर धरना पर बैठे
लालू प्रसाद यादव ने कहा- ‘हम राज्यसभा में थे। उन दिनों में भैरो सिंह शेखावत उपराष्ट्रपति थे। गुजरात में जब हिंसा हुआ तो चारों तरफ देश और दुनिया भर में, यूरोपियन कंट्री ने भी अपने नागरिकों को मना कर दिया। भारत में मत जाना। और इनका प्रवेश भी निषेध हो गया था विदेशों में। आप सब को मालूम है, किस तरह का इनका इतिहास रहा है। हम गमछी बिछा कर फ्लोर ऑफ में, चेयरमैन के चेयर के नीचे। हमने कहा- मोदी को गिरफ्तार करो। नहीं तो नहीं उठेंगे। चारों तरफ से हाउस गरम हो गया। गरम होने के बाद काफी इनको परेशानी हुई। और अटल बिहारी वाजपेयी ने नरेंद्र मोदी को कहा-राजधर्म भी कोई चीज होता है। आरजेडी प्रमुख ने बताया कि सभी नेता एकजुट हो गए थे, लेकिन उस हिंसा की घटना की उन लोगों ने निन्दा भी नहीं की।’
अपना नुकसान कर भी आई.एन.डी.आई.ए. को जीताएंगे
लालू प्रसाद यादव ने कहा- हम सब एक है और एक होकर हमलोग इस लड़ाई को लड़ रहे हैं। राहुल गांधी को भी हम काफी मजबूती के साथ विश्वास दिलाते है, कि हमसब एकजुट होकर सभी समन्वय बना कर सीट शेयरिंग शुरू करेंगे। सीट शेयरिंग में कहीं कोई दिक्कत नहीं होगी, कोई कठिनाई नहीं होगी। अपना कुछ नुकसान कर भी आई.एन.डी.आई.ए. को जीताएंगे, नरेंद्र मोदी को हटाएंगे और देश को बचाएंगे।