राजधानी सहित प्रदेशभर में शुष्क रहेगा मौसम, दो दिनों में तापमान में नहीं होगा परिवर्तन

राजधानी सहित प्रदेशभर में शुष्क रहेगा मौसम, दो दिनों में तापमान में नहीं होगा परिवर्तन

रायपुर । राजधानी सहित प्रदेशभर में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में तापमान धीरे-धीरे नीचे जाता हुआ दिखाई दे रहा है। सोमवार को सुबह कोहरे के बाद दिनभर आसमान साफ रहने के आसार हैं। वहीं, अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। इसके बाद बुधवार से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना बनती दिखाई दे रही है।

राजधानी में सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं। साथ ही अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। रविवार को राजधानी सहित प्रदेशभर में मौसम साफ रहा। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान सक्ती में 32.4 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान औसत से एक डिग्री से लेकर छह डिग्री तक ज्यादा देखने को मिला।

राजनांदगांव में पारा सामान्य से छह डिग्री ज्यादा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव में पिछले तीस वर्षों के औसत तापमान में से अधिकतम तापमान छह डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया। अंबिकापुर व पेंड्रा रोड में औसत से तीन डिग्री अधिक, जबकि जगदलपुर व दुर्ग में दो डिग्री और रायपुर व बिलासपुर में तापमान औसत से एक डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया।

न्यूनतम तापमान में भी तीन डिग्री का अंतर

अधिकतम तापमान के अलावा न्यूनतम तापमान भी औसत से अधिक चल रहा है। राजधानी में तापमान औसत से तीन डिग्री, बिलासपुर व पेंड्रा रोड में दो डिग्री, जबकि अंबिकापुर व जगदलपुर में एक डिग्री अधिक चल रहा है। सिर्फ दुर्ग ही एक ऐसा शहर है, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम रहा।

गर्म कपड़ों का सजा बाजार

ठंड की दस्तक के साथ ही राजधानी सहित प्रदेशभर में गर्म कपड़ों का बाजार सज गया है। हालांकि ठंड कम पड़ने की वजह से बाजारों में अभी भीड़ नहीं देखने को मिल रही है। वहीं, मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद न्यूनतम व अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। ऐसे में दो दिनों बाद गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक देखने को मिल सकती है।

Advertisement