हमने इतिहास दोहराया है... अमेरिका से हार गया पाकिस्तान, देखिए शोएब अख्तर का दर्द

हमने इतिहास दोहराया है... अमेरिका से हार गया पाकिस्तान, देखिए शोएब अख्तर का दर्द
डलास: पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2024 में उलटफेर का शिकार हो गई है। बाबर आजम की कप्तानी वाली पाकिस्तान को मेजबान अमेरिका ने सुपर ओवर में हरा दिया। अमेरिका का पार्ट टाइम क्रिकेटर के आगे दुनिया के बेस्ट खिलाड़ी होने का दम भरने वाले पाकिस्तानी कहीं नहीं टिके। सुपर ओवर में अमेरिका के बल्लेबाजों ने मोहम्मद आमिर के खिलाफ 18 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान के बल्लेबाज 13 रन ही बना सके। इस तरह अमेरिका ने अपने क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया।

निराश शोएब अख्तर क्या बोले?

पाकिस्तान की हार ने उसके फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स को निराश कर दिया है। क्रिकेट इतिहास के सबसे तेज गेंदबाज माने जाने वाले शोएब अख्तर ने पाकिस्तान की हार पर निराशा व्यक्त की है। अख्तर ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा- दुखी और निराश। अपने वीडियो में उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान के लिए यह निराशाजनक हार है। अमेरिका से हारकर हमारी शुरुआत अच्छी नहीं रही। हमने इतिहास को दोहराया जैसा कि हमने 1999 के विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ किया था। दुर्भाग्य से पाकिस्तान कभी भी जीत का हकदार नहीं था। कारण है कि अमेरिका ने बहुत अच्छा खेला। हमेशा कमांडिग पोजिशन में थे। आमिर और शाहीन ने पूरी कोशिश की।'

मैच में क्या क्या हुआ?

अमेरिका के खिलाफ पहले बैटिंग करने उतरी पाकिस्तान की टीम लगातार जूझती रही। 20 ओवर में वह 7 विकेट पर 159 रन ही बना सकी। कप्तान बाबर आजम ने 43 गेंदों का सामना करके 44 रन बनाए। निचले क्रम में शाहीन अफरीदी ने 23 रन बनाकर टीम को 150 के पार पहुंचा दिया। अमेरिका की शुरुआत अच्छी थी। एक समय 14 ओवर में उनका स्कोर 111 रन था। यहां से पाकिस्तान ने वापसी की। लेकिन मैच की अंतिम गेंद पर चौका मारकर नीतिश कुमार ने इसे सुपर ओवर में पहुंचा दिया। जहां अमेरिका ने पहले बल्लेबाजी में बेहतर खेल दिखाया और फिर सौरभ नेत्रावलकर की बॉलिंग की वजह से पाकिस्तान को हार झेलनी पड़ी।
Advertisement