फडणवीस ने दी चुनौती
राउत ने कहा था कि उनकी पार्टी की उपलब्धि है कि वह आज भी 10 मिनट में मुंबई बंद कर सकती है। राउत पर तंज कसते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि वह अपने घर के आस-पास का इलाका भी बंद नहीं कर सकते। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी ऐसी खोखली धमकियों से नहीं डरती। राउत ने कहा था कि ठाकरे कभी खत्म नहीं होंगे। हमने चुनाव हारे हैं। चुनाव में जीत और हार होती रहती है। हमारा संगठन मजबूत है। आज भी हम 10 मिनट में मुंबई बंद कर सकते हैं। यह हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। अगर ठाकरे जिंदा रहेंगे, तो मराठी लोग और मुंबई जिंदा रहेंगे। यह सब जानते हैं। देवेंद्र फडणवीस भी यह जानते हैं।
राउत के दबदबे के दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने कहा कि उद्धव ठाकरे से अलग होने के बाद जब शिंदे गुवाहाटी गए थे तो इन्होंने दावा किया था कि उन्हें मुंबई में कदम नहीं रखने दिया जाएगा।शिंदे फिर भी 50 विधायकों के साथ मुंबई आए। शिंदे और मैं मुंबई की सड़कों से राजभवन गए। उसके बाद, हमने सरकार बनाई। फडणवीस ने कहा कि यह सब सिर्फ बातें हैं। CM ने माना कि दिवंगत शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के एक इशारे पर दो घंटे में मुंबई बंद हो सकती थी। अब उनमें (यूबीटी) कोई ताकत नहीं है। संजय राउत बस दिन भर ऐसी ही बातें करते रहते हैं। गौरतलब हो कि मुंबई में 15 जनवरी को वोट डाले जाएंगे।











