भोपाल हाट में देखें श्रावण मेला, महिला कलाकारों के लिए चारबैत कार्यशाला

भोपाल हाट में देखें श्रावण मेला, महिला कलाकारों के लिए चारबैत कार्यशाला

भोपाल। शहर में प्रतिदिन सांस्‍कृतिक, सामाजिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। गुरुवार 31 अगस्त को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

विज्ञान संवाद सत्र - आंचलिक विज्ञान केंद्र में 'ए पीप इन टु द टेलीस्कोप' विषय पर संवाद सत्र का आयोजन सुबह 11 बजे से किया जा रहा है। इस मौके पर पब्लिक आउटरीच डिवीजन आइयूसीएए, पुणे के साइंटिफिक आफिसर समीर धुर्दे हाईस्कूल के शिक्षकों समेत अन्य जिज्ञासुओं से संवाद करेंगे।

माह का प्रादर्श - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय के अंतरंग भवन वीथि संकुल में माह के प्रादर्श श्रृंखला के अंतर्गत अगस्त के प्रादर्श के रूप में ग्राम उप्पुण्दा, जिला- उडुपी, कर्नाटक के लोक समुदाय से संकलित लकड़ी पर बनी बाघ की मूर्ति 'चिराटे' को दर्शकों के अवलोकन हेतु प्रदर्शित किया गया है। मानव संग्रहालय में आप इसका अवलोकन सुबह 11 बजे से कर सकते हैं।

सूट कलेक्शन प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश हस्तशिल्प एवं हाथकरघा विकास निगम की ओर से मृगनयनी एम्पोरियम, जीटीबी काम्पलेक्स में सूट कलेक्शन प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। पांच सितंबर तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में प्रदेश के ख्यात शिल्पकार और बुनकर भी मौजूद रहते हैं। समय सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक है।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार यशवंत धुर्वे के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 40वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अगस्त माह के अंत तक रहेगी। इसे सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।

श्रावण मेला - भोपाल हाट परिसर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा श्रावण मेला का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के विभिन्न जिलों के स्वसहायता समूह अपने उत्पाद यहां लेकर आए हैं। शाम को रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होती हैं। समय दोपहर एक बजे से रात दस बजे तक है।

चारबैत कार्यशाला - मप्र उर्दू अकादमी, संस्कृति परिषद एवं संस्कृति विभाग द्वारा अंश हैप्पीनेस सोसायटी के सहयोग से महिला कलाकारों के लिए 15 दिवसीय चारबैत कार्यशाला चल रही है। कार्यशाला में उस्ताद मुख्तार द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जो इच्छुक कलाकार समयसीमा में पंजीकरण नहीं कर पाए हों, वे 31 अगस्त तक कार्यशाला स्थल पर जाकर पंजीयन कराते हुए निश्शुल्क प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं।

व्याख्यान व सांस्कृतिक प्रस्तुति - विमुक्त जाति दिवस के अवसर जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी एवं बाबूलाल गौर शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय भेल के सहयोग से जनजातीय संग्रहालय में परिसंवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर एकाग्र सम्वेग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम पांच बजे विमुक्त और घुमंतुओं की संस्कृति : संदर्भ मध्यप्रदेश विषय पर रिटायर्ड पीसीसीएफ भोपाल डा. बीएमएस राठौर का व्याख्यान होगा। इसके उपरांत संतोष नाथ एवं साथी, देवास द्वारा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
Advertisement