वार्ड प्रभारी ने 67 लाख के बकायादार को जारी कर दी थी एनओसी, अब हुई कुर्की

वार्ड प्रभारी ने 67 लाख के बकायादार को जारी कर दी थी एनओसी, अब हुई कुर्की
भोपाल। नगर निगम के बकायादार को वार्ड प्रभारी द्वारा एनओसी जारी कर दी गई। जबकि उसके ऊपर 67 लाख रुपये से अधिक का कर बकाया है। उसे निगम की धारा 175 के तहत वारंट तक जारी किया गया था। इसके बाद भी बकायादार ने कर जमा नहीं किया। इस पर निगम अमले द्वारा बकायादार के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की गई और क्लब हाउस को सील कर दिया गया।

36 एकड़ में विकसित है कालोनी

नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 26 में स्थित बरखेड़ी खुर्द में व्हिस्परिंग पाम कालोनी के कालोनाइजर के ऊपर 67 लाख से अधिक का कर बकाया है। उन पर बुधवार को जोनल अधिकारी अर्जुन मेघानी और वार्ड प्रभारियों के द्वारा कुर्की की कार्रवाई की गई है। निगम के वार्ड प्रभारी व अमले द्वारा कालोनाइजर द्वारा निर्मित क्लब हाउस पर तालाबंदी की गई। उल्लेखनीय है कि 36 एकड़ की इस आवासीय कालोनी में बिल्डर द्वारा भूमि का कर नहीं जमा किया गया था। जिन्हें कई बार पत्र लिखने के बाद भी उनके द्वारा जानकारी नहीं दी गई। बाद में नगर निगम द्वारा करारोपण किया गया और उन्हें निरंतर नोटिस देने के बाद बुधवार कुर्की की कार्रवाई की गई। बता दें यह कालोनी एसएस बिल्डर्स के द्वारा काटी गई है।

भवन अनुज्ञा के लिए जारी कर दी एनओसी

नगर निगम के तहत बरखेड़ी खुर्द में बनी व्हिस्परिंग पाम कालोनी के कालोनाइजर को नगर निगम के वार्ड अमले द्वारा पूर्व में भवन अनुज्ञा शाखा लेने के लिए बिना कर जमा किए एनओसी जारी कर दी गई। जिसके बाद इस कालोनी में रसूखदारों के छह से 10 हजार स्क्वायर फीट के प्लाट है, जिन पर नियमानुसार 600 स्क्वायर फीट से ज्यादा के निर्माण की अनुमति नहीं है लेकिन यहां लोगों ने बड़ी संख्या में अवैध निर्माण किया हुआ है।

Advertisement