रवींद्र भवन में वाल आर्ट फेस्टिवल का शुभारंभ, मानव संग्रहालय में देखें चरखा प्रदर्शनी

रवींद्र भवन में वाल आर्ट फेस्टिवल का शुभारंभ, मानव संग्रहालय में देखें चरखा प्रदर्शनी

भोपाल। शहर में सामाजिक, सांस्‍कृतिक, कलात्‍मक, खेल, धार्मिक आदि गतिविधियों का सिलसिला चलता रहता है। सोमवार 16 अक्टूबर को भी शहर में अनेक ऐसी गतिविधियों का आयोजन होने जा रहा है, जिनका आप आनंद उठा सकते हैं। यहां हम कुछ ऐसे चुनींदा कार्यक्रमों की जानकारी पेश कर रहे हैं, जिसे पढ़कर आपको अपनी दिन की कार्ययोजना बनाने में आसानी होगी।

वाल आर्ट फेस्टिवल - मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग एवं पर्यटन विभाग के सहयोग से आलियांज फ्रांसेस द भोपाल द्वारा रवींद्र भवन में चार दिवसीय वाल आर्ट फेस्टिवल—3 का आयोजन 16 से 19 अक्टूबर तक किया जा रहा है। फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ सुबह 11 बजे होगा।

किताब उत्सव - राजकमल किताब उत्सव का आयोजन हिंदी भवन स्थित दो सभागारों में हो रहा है। श्रीनरेश मेहता कक्ष में पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई है और महादेवी वर्मा कक्ष में विभिन्न साहित्यिक परिचर्चाएं हो रही हैं। शाम पांच बजे से लेखक गीत चतुर्वेदी से बातचीत के बाद शाम-ए- गजल का आयोजन किया जाएगा। प्रदर्शनी का समय सुबह 11 बजे से रात आठ बजे तक है।

चित्र प्रदर्शनी - मध्य प्रदेश जनजातीय संग्रहालय की लिखंदरा दीर्घा में गोंड समुदाय के चित्रकार सचिन तेकाम के चित्रों की प्रदर्शनी सह-विक्रय का संयोजन किया गया है। 42वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी अक्टूबर माह के अंत तक रहेगी। इसे दोपहर 12 बजे से शाम आठ बजे तक देखा जा सकता है।

चरखा प्रदर्शनी - इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय में देश के विभिन्न हिस्सों से संकलित पारम्परिक चरखों पर प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। शैलकला प्रदर्शनी भवन में भारत की सांस्कृतिक एकता और उद्यमिता का प्रतीक 'चरखा' विशेष प्रदर्शनी को सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक देखा जा सकता है।

जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी - मृगनयनी कबीरा, खादी एम्पोरियम जवाहर चौक में जरी जरदोजी पोशाक प्रदर्शनी का आयोजन मप्र हस्तशिल्प और हाथकरघा निगम की ओर से किया जा रहा है। समय प्रतिदिन सुबह 11 बजे से राज आठ बजे तक है।

श्रीमद्भागवत कथा - शिव-कालका मंदिर गोविंदपुरा किरण नगर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। समय : शाम चार बजे।

फिल्म प्रदर्शन - क्लासिक सिनेमा के शौकीनों के लिए 'द भोपाल फ़िल्म क्लब' द्वारा संचालित 'सिने क्लासिक' श्रृंखला में इस बार मशहूर इटालियन फिल्म 'द बाइसिकल थीफ' का प्रदर्शन होगा। यह फिल्म दूसरे विश्व युद्ध के बाद बेरोजगारी और बदहाली से जूझते इटली की हालत और नव-यथार्थवादी आंदोलन को परिभाषित करती है। विटोरियो डी सिका द्वारा निर्देशित ये फिल्म सर्वकालीन सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में शुमार रही है। प्रदर्शन शिवाजी नगर स्थित महिला चेतना मंच के सभा कक्ष में शाम छह बजे से होगा। इस फिल्म की अवधि 89 मिनट है। फिल्म का प्रदर्शन निश्शुल्क है।
Advertisement