भोपाल । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन में मध्य प्रदेश है। इसकी वजह यह कि उन्होंने जन कल्याण की जो भी योजनाएं शुरू कीं उन्हें पूरा करने में मप्र अग्रणी राज्यों में रहा। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अभी तक प्रदेश में 30 लाख लोगों का उपचार किया जा चुका है। प्रदेश के 80 लाख किसानों को सम्मान निधि मिल रही है। इसमें छह हजार रुपये केंद्र सरकार और उतना ही राज्य सरकार मिला रही है। पूरी राशि सीधे किसान के खाते में आती है।
वह बुधवार को भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सिंचाई, स्वच्छता, कृष समेत सभी क्षेत्र में प्रदेश लगातार प्रगति कर रहा है। मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस (एक नवंबर) पर हम संकल्प लेते हैं कि इसे स्वर्णिम प्रदेश बनाएंगे। भाजपा सरकार में लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बहनों के सम्मान के लिए शुरू की गई 'लाड़ली बहना' योजना में एक करोड़ 31 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1250 रुपये मिल रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही उन्होंने कांग्रेस को भी घेरते हुए कहा कि उन्हें राम मंदिर का पोस्टर लगाने में आपत्ति होती है। इस चुनाव में भी कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र जल्द सामने आएगा। इसमें जो वादे करेंगे उन्हें पूरा भी करेंगे। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में सात सौ से अधिक वचन दिए थे, पर पूरा नहीं किया।











