विराट कोहली का यह रिकॉर्ड आरसीबी की पारी के चौथे ओवर में आया जब उन्होंने डीसी कप्तान अक्षर पटेल की गेंद पर लॉन्ग ऑन पर गगनचुंबी छक्का लगाया और इस तरह उन्होंने 1000 चौके-छक्के का आंकड़ा छू लिया जिसमें 721 चौके और 280 छक्के शामिल हैं। वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा चौके लगाने के मामले में शीर्ष पर बने हुए हैं और छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल (357) और रोहित शर्मा (282) से पीछे हैं। कोहली की ऐतिहासिक उपलब्धि के बावजूद, केएल राहुल ने 53 गेंदों पर नाबाद 93 रन बनाकर सुर्खियां बटोरी, जिससे दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर छह विकेट से जीत मिली।
अपने घर पर केएल राहुल ने अपनी बल्लेबाजी से डीसी को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। खासकर तब, जब डीसी 164 रनों के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए महज 58 रनों पर 4 विकेट गंवा चुकी थी। इससे पहले, आरसीबी ने फिल साल्ट और कोहली की शानदार शुरुआत के बाद 163 रन बनाए। लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की स्पिन जोड़ी अक्षर और कुलदीप यादव की गेंदबाजी ने बीच के ओवरों में आरसीबी के बल्लेबाजों पर ब्रेक लगा दिया।
आरसीबी के खिलाफ रन चेज करने के दौरान केएल राहुल को ट्रिस्टन स्टब्स का साथ मिला। ट्रिस्टन स्टब्स ने 23 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाए। राहुल ने पांचवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 111 रन की साझेदारी की। जो दिल्ली कैपिटल्स के लिए अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। उनकी पारी में सात चौके और छह छक्के शामिल थे। डीसी ने इस साझेदारी के दम पर 17.5 ओवर में 13 गेंदें शेष रहते हुए जीत हासिल कर ली।











