लखनऊ से देहरादून तक चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, इन स्टेशन पर रुकने के साथ टाइम टेबल भी तैयार

लखनऊ से देहरादून तक चलेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, इन स्टेशन पर रुकने के साथ टाइम टेबल भी तैयार
सुशील कुमार, लखनऊ: गोरखपुर से लखनऊ के बाद अब लखनऊ से देहरादून के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन की तैयारी है। नए साल पर मुरादाबाद डिवीजन को वंदे भारत की सौगात मिल सकती है। हालांकि संचालन लखनऊ से करने की योजना है। रेलवे ने लखनऊ से देहरादून के बीच फिजिबिलिटी सर्वे कराया है। रिपोर्ट भी लगभग तैयार हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मुरादाबाद और बरेली स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव होगा। आधिकारिक पुष्टि रेलवे बोर्ड की तरफ से जारी टाइम टेबल के आधार पर ही होगी।

सूत्रों का दावा है कि प्रस्तावित समय सारिणी भी तैयार कर ली गई है। लखनऊ से ट्रेन सुबह करीब 5:15 बजे चलेगी। 8:33 बजे बरेली पहुंचकर दो मिनट फिर 9:52 बजे मुरादाबाद पहुंचकर पांच मिनट के लिए रुकेगी। वहीं, 12:25 बजे हरिद्वार में 10 मिनट रोकने की योजना है। दोपहर 1:35 बजे हर्रावाला स्टेशन पर यात्रा समाप्त होगी। वापसी में हर्रावाला से दोपहर 2:25 बजे रवाना होकर 3:25 बजे हरिद्वार, 5:40 बजे मुरादाबाद, 6:50 बजे बरेली होते हुए रात 10:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी।

इन बिंदुओं को परख रहा रेलवे

536 किमी की दूरी वंदे भारत एक्सप्रेस 8 घंटे 15 मिनट में पूरी करेगी। हालांकि समय कम करने को लेकर भी प्लानिंग चल रही है। फिलहाल टीम ने प्रस्तावित समयसारिणी अधिकारियों के सामने रखी है, जिस पर अंतिम निर्णय लिया जाना है। सारिणी के मुताबिक वंदे भारत का संचालन होने से राप्ती गंगा एक्सप्रेस का संचालन 15-20 मिनट प्रभावित होगा। लिंक एक्सप्रेस निर्धारित समय के 10 मिनट बाद देहरादून से चलेगी। 12557-12558 सप्तक्रांति एक्सप्रेस का रूट भी बदलना पड़ सकता है। ऐसे में रेलवे बोर्ड सभी बिंदुओं पर विचार कर रहा है।

इन पर भी प्लानिंग

लखनऊ-सहारनपुर, आनंद विहार-हरिद्वार, लखनऊ-आनंद विहार और काठगोदाम-आनंद विहार वंदे भारत पर भी चर्चा चल रही है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में यूपी को कई जिलों को वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात मिल सकती है। खासकर लोकसभा चुनाव को देखते हुए कई माननीयों ने रेलवे बोर्ड को वंदे भारत का संचालन शुरू करने के लिए चिट्ठी लिखी है। सीनियर डीसीएम मुरादाबाद मंडल सुधीर सिंह ने कहा कि वंदे भारत को लेकर अब तक रेलवे बोर्ड की तरफ से कोई निर्देश नहीं आया है। बोर्ड फिजिबिलिटी सर्वे तैयार करता रहता है।
Advertisement