देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 8 और 9 दिसंबर को ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का आयोजन होने जा रहा है। इसके लिए तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर समिट का उद्घाटन करने पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देहरादून पहुंचेंगे। इसको लेकर तैयारियों को पूरा कराया गया है। इस समिट में टाटा ग्रुप, अंबानी, अडानी के साथ-साथ लंदन, दुबई और अन्य कई देशों के निवेशक आएंगे। देहरादून के एफआरआई में आयोजित इस समिट को सफल बनाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी लगातार काम कर रहे हैं। पिछले एक साल से इन्वेस्टर समिट के आयोजन की योजना बनाई जा रही है। पिछले चार महीने में सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनकी कैबिनेट के सदस्यों और अधिकारियों ने निवेशकों को आकर्षित करने की कोशिश की। उनकी मेहनत का नतीजा है कि प्रदेश को अब तक ढाई लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। धामी सरकार इस आंकड़े को बढ़ाने में जुटी है। सरकार की कोशिश निवेशकों को लाकर प्रदेश में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार की है।
इन्वेस्टर समिट में करीब 3 घंटे रहेंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को उत्तराखंड ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भाग लेने आएंगे। कार्यक्रम के लिए वे सुबह 10:20 बजे देरादून पहुंच जाएंगे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल और सीएम धामी उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी समिट का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में देश के 6 प्रमुख उद्योगपतियों का संबोधन होगा। वे उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं पर विजन रखेंगे। समिट में गौतम अडानी, मुकेश अंबानी, बाबा रामदेव समेत अन्य का संबोधन होगा। सुबह 11:34 बजे से पीएम नरेंद्र मोदी का संबोधन होगा। वे उद्योगपतियों से प्रदेश में बढ़ रही संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। पहले दिन इन्वेस्टर समिट में कुल चार सत्र होंगे। उद्योग, ऑटो, फार्मा और शिक्षा के क्षेत्र में सेशन होगा। इसके साथ-साथ्ज्ञ स्वास्थ्य और रियल एस्टेट सेक्टर पर आधारित 4 सत्र होंगे।रूट डायवर्जन प्लान
- विकास नगर से देहरादून शहर की ओर आने वाले वाहनों को धूलकोट से शिमला बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- प्रेम नगर होते हुए शहर की ओर आने वाले ट्रैफिक को प्रेम नगर बाजार से दारू चौक से गोरखपुर चौक शिमला बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- प्रेम नगर से पंडितवाड़ी की ओर आने वाले ट्रैफिक को लवली मार्केट होते हुए बसंत विहार की ओर भेजा जाएगा।
- आईएसबीटी से रिस्पाना की ओर आने वाले भारी वाहनों को कारगी चौक से दूधली रोड की ओर भेजा जाएगा।
- हरिद्वार की ओर से आने वाली भारी वाहन को लालतप्पड़ और हरीवाला में रोका जाएगा।











