छात्रों के माता पिता का कहना है कि राखी हाथ से उतरवाने की बात जब उन्हें पता चली तो वे स्कूल पहुंच गए। इस बीच कुछ हिंदू संगठन के लोगों तक भी बात चली गई। विरोध जताने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली। प्रबंधन ने लिखित में माफी मांगी और आगे ऐसा न करने का आश्वासन दिया। एक बच्चे के अभिभावक का आरोप है कि हाथ से राखी हटवाते समय उनसे कहा गया कि स्कूल में हिंदू धर्म का कोई प्रचार प्रसार नहीं होगा।
मिशनरी स्कूल में बच्चों के हाथ से राखी उतरवाने पर हंगामा, माफी मांगी तब जाकर बनी बात
बरेली: रक्षाबंधन के मौके पर यूपी के बरेली में स्कूली छात्रों के हाथ में बंधी राखी कटवाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होली फैमिली कान्वेंट स्कूल (Holy Family Convent School) में राखी बांधकर पहुंचे छात्र और छात्राओं के साथ सख्ती की गई। किसी टीचर ने विरोध करते हुए बच्चों के हाथ से राखी और कलावा कैंची से कटवा दिया। जानकारी मिलते ही अभिभावक और हिंदू संगठन के लोग स्कूल पहुंच गए और हंगामा करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से माफी मंगवाकर मामला शांत करवाया।











