दिसंबर 2023 में UPI ट्रांजैक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड 1,202 करोड़ लेनदेन के जरिए 18.23 लाख करोड़ ट्रांसफर

दिसंबर 2023 में UPI ट्रांजैक्शन ने बनाया नया रिकॉर्ड 1,202 करोड़ लेनदेन के जरिए 18.23 लाख करोड़ ट्रांसफर

यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI ने दिसंबर 2023 में 1,202 करोड़ ट्रांजैक्शन का नया रिकॉर्ड बनाया है। इस दौरान लोगों ने 18,22,949.45 करोड़ रुपए के ट्रांजैक्शन किए हैं। वहीं, एक महीने पहले नवंबर में 1,123 करोड़ ट्रांजैक्शन के जरिए 17,39,740.61 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए थे।

नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया यानी NPCI ने अपने सोशल मीडिया हैंडल 'X' पर पेमेंट सिस्टम के ये आंकड़े शेयर किए हैं। दिसंबर के आंकडे को देखें तो, सालाना आधार पर ट्रांजैक्शन की संख्या में 54% और इसके जरिए ट्रांसफर किए गए अमाउंट में 42% की बढ़ोतरी हुई है।

NPCI के आंकडों के मुताबिक, साल 2023 में किए गए टोटल ट्रांजैक्शन का वॉल्यूम (संख्या) 11,724 करोड़ रहा है। वहीं इसके जरिए ट्रांसफर किया गया अमाउंट यानी वैल्यू 182.3 लाख करोड़ रुपए रहा है।

UPI कैसे काम करता है?
UPI सर्विस के लिए आपको एक वर्चुअल पेमेंट एड्रेस तैयार करना होता है। इसके बाद इसे बैंक अकाउंट से लिंक करना होगा। इसके बाद आपका बैंक अकाउंट नंबर, बैंक का नाम या IFSC कोड आदि याद रखने की जरूरत नहीं होती। पेमेंट करने वाला बस आपके मोबाइल नंबर के हिसाब से पेमेंट रिक्वेस्ट प्रोसेस करता है।

अगर, आपके पास उसका UPI आईडी (ई-मेल आईडी, मोबाइल नंबर या आधार नंबर) है तो आप अपने स्‍मार्टफोन के जरिए आसानी से पैसा भेज सकते हैं। न सिर्फ पैसा बल्कि यूटिलिटी बिल पेमेंट, ऑनलाइन शॉपिंग, खरीदारी आदि के लिए नेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड भी जरूरत नहीं होगी। ये सभी काम आप यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस सिस्टम से कर सकते हैं


Advertisement