राष्ट्रपति ने कहा कि भारत इस समय दुनिया की पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इसमें उत्तर प्रदेश का बड़ा योगदान रहने वाला है। योगी ने बताया कि आयोजन को लेकर बड़ी चुनौतियां थीं। लेकिन सभी चुनौतियों से निपटते हुए इतने बड़े आयोजन को धरातल पर उतारा गया। पहली बार इतने विदेशी एग्जिबिटर व खरीदार यूपी आए होंगे। सीएम ने कहा कि पीएम के मार्गदर्शन में यूपी पिछले छह साल में न सिर्फ बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकला, बल्कि तरक्की के नए आयाम भी गढ़े हैं।
सीएम योगी ने कहा कि 5 दिन का यह ट्रेड शो भारत में यूपी को ग्रोथ इंजन के रूप में प्रस्तुत करने में सफल होगा। एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने कहा कि यूपी का यह पहला इंटरनैशनल ट्रेड शो है। दो हजार से अधिक स्टॉल होंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, कई मंत्री, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी में दो हजार से अधिक कारोबारी अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रहे हैं। ये उत्पाद स्वास्थ्य सेवा, खाद्य प्रसंस्करण, दवा, डेयरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और ई-कॉमर्स जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। प्रदर्शनी में दो लाख से अधिक लोगों के आने की उम्मीद है। आम लोगों के लिए दिन में तीन बजे से रात आठ बजे तक प्रवेश मुफ्त है।











