UP के मंत्री धर्मपाल सिंह की ट्रेन छूट रही थी, चारबाग रेलवे स्‍टेशन के प्‍लेटफार्म पर चढ़ा दी कार

UP के मंत्री धर्मपाल सिंह की ट्रेन छूट रही थी, चारबाग रेलवे स्‍टेशन के प्‍लेटफार्म पर चढ़ा दी कार
लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह चर्चा में बने रहते हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को मंत्री जी को लखनऊ से बरेली जाने के लिए ट्रेन पकड़नी थी। वह ऐन वक्‍त चारबाग स्‍टेशन पहुंचे और अपनी कार लेकर प्‍लेटफॉर्म तक चले गए। यहां से वह एस्‍कलेटर के जरिये आगे बढ़ गए। अचानक रेलवे स्‍टेशन के भीतर कार घुसने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। मंत्री की कार वापस जाने के बाद माहौल सामान्‍य हुआ। पशुधन मंत्री से जुड़ी इस खबर को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

मंत्री धर्मपाल सिंह को 13005 हावड़ा अमृतसर मेल पकड़नी थी। इससे वह बरेली तक जाते। यह ट्रेन प्‍लेटफॉर्म नंबर 4 पर आती है। जीआरपी इंस्‍पेक्‍टर संजय खरवार के मुताबिक, ट्रेन छूटने का समय हो रहा था। इसलिए मंत्री की कार को रेलवे अदालत के सामने बने दिव्‍यांग रैंप पर चढ़ाते हुए सीधे प्‍लेटफॉर्म नंबर एक पर बने एस्‍केलेटर तक पहुंचाया गया। एस्‍केलेटर पर चढ़कर वह प्‍लेटफार्म नंबर चार तक गए।

सांड़ पर दिए बयान से चर्चा में आए थे

आपको बता दें कि दो दिन पहले धर्मपाल सिंह सांडों को लेकर दिए गए बयान के जरिये चर्चा में रहे थे। उन्होंने कहा था कि सांड की उम्र 15 से 20 साल होती है, जबकि हमारी सरकार को अभी 7 साल ही हुए हैं। इसलिए हम तो पूर्व की सरकारों के पाप धो रहे हैं। आज जो स्थिति है वह पूर्व सरकारों की देन है। मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि गाय हमारी प्राथमिकताएं हैं। उनको संरक्षण और सुरक्षा देने का काम हमारी सरकार कर रही है। गोवंश सड़कों पर हैं। वह हमारी प्राथमिकता में शामिल हैं। धर्मपाल सिंह ने कहा कि देशी गाय की नस्ल सुधार का कार्य सरकार कर रही है। जो देशी गाय अभी 2 से 3 लीटर दूध देती हैं। वह 10 से 12 लीटर दूध देंगी।

Advertisement