अज्ञात वाहन ने बाइक सवार नाबालिगों को मारी टक्कर, एक की मौत

अज्ञात वाहन ने बाइक सवार नाबालिगों को मारी टक्कर, एक की मौत
भोपाल । रातीबड़ थाना क्षेत्र स्थित बीलखेड़ी तिराहा पर बुधवार दोपहर अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया था। वहां चौदह साल के एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथी की हालत नाजुक है। घटना बुधवार दोपहर की है। पुलिस टक्कर मारने वाली कार की तलाश कर रही है।


अस्पताल में तोड़ा दम 

रातीबड़ थाना पुलिस के अनुसार विकास गौड़ (14) बिशनखेड़ी में रहता था। इसी गांव में रहने वाले राजा गौड़ (17) के साथ वह बाइक से नीलबड़ जाने के लिए निकला था। इस दौरान दोपहर करीब साढ़े तीन बजे के आसपास दोनों बीलखेड़ी तिराहा पर पहुंचे थे। तभी मोड़ पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों को गंभीर चोट आई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, वहां शाम करीब पांच बजे विकास को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि राजा गौड़ का इलाज चल रहा है। राजा फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है।

  

कार की टक्कर से किसान की मौत, एक घायल

 उधर, बैरसिया थाना इलाके में मंगलवार सुबह तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। बाइक में पीछे बैठा किसान का नौकर घायल हो गया। बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक 50 वर्षीय इशाक खान पुत्र याकूब खान अर्जुनखेड़ी में रहते थे। वह खेती किसानी करते थे। मंगलवार सुबह वह अपने खेत से हरवाहे को लेकर बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल दोनों लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां कुछ देर तक चले इलाज के दौरान इशाक खान की मौत हो गई। राहगीरों ने किसान को टक्कर मारकर भागी कार का नंबर पुलिस को दिया है। उसके आधार पर पुलिस कार और आरोपित चालक की तलाश कर रही है।

Advertisement