केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मप्र के चुनाव अधिकारी नियुक्त, प्रदेश अध्यक्ष का करेंगे चयन
Updated on
03 Jan 2025, 12:07 PM
भोपाल। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मध्य प्रदेश के चुनाव अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वे मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेंगे। 15 जनवरी तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा। इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वहीं प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय की भूमिका भी नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन में महत्वपूर्ण होगी। पांच जनवरी तक जिला अध्यक्षों के नामों की घोषणा के बाद मध्य प्रदेश के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
धर्मेंद्र प्रधान मध्य प्रदेश से राज्य सभा सदस्य रहे हैं। अब वे ओडिशा की संबलपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। मध्य प्रदेश से राज्य सभा रहने के कारण उनका प्रदेश से जुड़ाव रहा है।
जिला अध्यक्ष के लिए पांच-पांच नामों का पैनल तैयार
भाजपा संगठन चुनाव के तहत नए जिला अध्यक्षों के नामों के चयन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है। गुरुवार को दिनभर चली बैठकों में प्रदेश के चुनाव अधिकारियों के साथ अलग-अलग जिलों के जिला चुनाव अधिकारी और पर्यवेक्षकों से साथ वन-टू-वन चर्चा की गई।
प्रत्येक जिले के लिए प्रस्तावित पांच नामों का पैनल तैयार किया गया है। इनमें दो नामों के अलावा एससी, एसटी और महिला का एक-एक नाम शामिल हैं। कुल पांच नामों का पैनल तैयार किया गया है।
शुक्रवार को इन नामों का पैनल फाइनल कर केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली से नामों पर अंतिम निर्णय के बाद पांच जनवरी को जिला अध्यक्षों की घोषणा की जा सकती है।
11 बड़े शहरों के जिला अध्यक्षों का नाम होल्ड कर सकती है भाजपा
मध्य प्रदेश के 11 बड़े शहरी जिलों के जिला अध्यक्ष के नाम होल्ड कर बाद में घोषित किए जा सकते हैं।
इन शहरों में जिला अध्यक्ष के नामों पर पार्टी पदाधिकारियों के अलावा सांसद विधायकों और केंद्रीय मंत्रियों तक ने रायशुमारी की है। पांच से अधिक नाम सुझाए गए हैं।
बताया जा रहा है जो नाम सुझाए गए वे योग्य और अनुभवी भी हैं। ऐसे में इन नामों पर जल्दबाजी में निर्णय नहीं लिया जाएगा।
यह जिले इंदौर, भोपाल, उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सतना, रीवा, शहडोल, खंडवा, सागर, मुरैना बताए जा रहे हैं।