भोपाल। कोहेफिजा के एयरपोर्ट रोड पर वर्धमान नगर, दाता कालोनी में स्थित दिगंबर जैन मंदिर से रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोरी हुईं तीन में से दो मूर्तियों को पुलिस ने बरामद कर लिया है।। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को हिरासत में लिया है, जिनमें से एक टैक्सी चालक है। आरोपितों के कब्जे से मंदिर से चुराया गया चांदी का सामान भी बरामद किया गया है। भगवान महावीर व भगवान आदिनाथ की मूर्तियों को बरामद किया गया है। इसके अलावा भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति भी चोरी हुई थी। पुलिस का कहना है कि आरोपितों से पूछताछ चल रही है। भगवान पार्श्वनाथ की मूर्ति को भी जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा।
पुलिस के अनुसार सुभाष जैन काला (72) वर्धमान नगर, दाता कॉलोनी में रहते हैं। सोमवार सुबह वह समाज के मनोज जैन, विनोद जैन,अनिल और संदीप गौधा के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। सुभाष जैन महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति के अध्यक्ष हैं। उनका घर मंदिर के सामने ही हैं। रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे उन्होंने मंदिर बंद कर ताला लगा दिया था। सोमवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे घर से उनकी नजर मंदिर के गेट पर पड़ी तो गेट खुला हुआ नजर आया। वह मंदिर पहुंचे तो पता चला कि अंदर रखी अष्टधातु की तीन मूर्तियां नहीं थी। इसके अलावा चांदी का सामान भी चोरी हो चुका था।
घटना से जैन समाज में था आक्रोश
मंदिर से भगवान की मूर्तियां चोरी होने से जैन समाज के लोगों में आक्रोश था। कुछ महिलाएं अन्न-जल त्यागकर धरने पर बैठ गई थीं।











