भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में जहांगीराबाद पुलिस ने एक स्कूली छात्रा की रिपोर्ट पर मोहल्ले में रहने वाले दो युवकों के खिलाफ पीछा कर छेड़छाड़ करने और पोक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपित काफी समय से छात्रा को परेशान कर रहे थे।
कोचिंग आते-जाते समय करते थे परेशान
पुलिस के मुताबिक इलाके में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। कोचिंग आते-जाते समय मोहल्ले में रहने वाले फाजिल और इमरान नामक युवक अक्सर उसका पीछा कर अश्लील कमेंट्स करते थे। बीती तेरह अक्टूबर को दोनों युवकों ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की थी। दो दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार शाम करीब छह बजे छात्रा कोचिंग जा रही थी तो उन दोनों ने फिर इसी प्रकार की हरकत की। घर लौटने के बाद पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने छात्रा की रिपोर्ट पर दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ कर रही है।
एक माह से अनदेखा कर रही थी
लड़की ने पुलिस को बताया कि आरोपित उसे करीब एक माह से राह पर आते-जाते परेशान कर रहे थे, लेकिन वह अब तक उनकी हरकतों को अनदेखा कर रही थी। कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकत बंद करना बंद नहीं कर रहे थे। इसलिए पुलिस की मदद ली और आरोपितों के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी है।
पुलिस ने तत्काल लिया एक्शन
शिकायत आने के बाद जहांगीराबाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेकर आरोपितों की जानकारी जुटाई और उनके घर से लेकर दोस्तों तक के यहां पर उनको तलाश किया। लेकिन आरोपित नहीं मिल रहे थे। बाद में उनको उनके एक ठिकाने से हिरासत में लिया गया है। जहां पर दोनों से पूछताछ की जा रही है। अब दोनों पर गंभीर धाराओं में एफआइआर है।











