राजकीय महाविद्यालय बाजपुर में 7 नवंबर को छात्रसंघ के चुनाव होने हैं। आपसी रंजिश के चलते छात्रों के दो गुट अनाज मंडी मैदान में भिड़ गए। दोनों ओर से जमकर लाठी डंडे चले। दो छात्र गुटों के बीच हो रही लड़ाई की सूचना कोतवाली पुलिस को मिली तो वे आनन फानन घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए। धक्कामुक्की के बीच कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी भी चोटिल हो गए। उनके हाथ का अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। पुलिस की लाठीचार्ज में कई छात्र भी चोटिल हुए हैं। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर सौंपी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
पुलिस ने पढ़ाया चुनाव के नियमों का पाठ
सीओ भूपेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि छात्र संघ चुनाव को लेकर दो छात्रों के गुट आपस में भिड़ गए। दोनों छात्र गुटों को समझाने का प्रयास किया। समझाने के बाद भी नहीं माने तो पुलिस ने बलपूर्वक दोनों छात्र गुटों को तितर बितर किया। पुलिस ने राजकीय महाविद्यालय पहुंचकर दोनों गुटों को चुनाव के नियमों का पाठ पढ़ाया और चेतावनी दी कि यदि कोई भी ऐसी हरकत करते पाया गया तब उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











