औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत

औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं की स्कॉर्पियो की टक्कर से मौत
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। पौथू थाना क्षेत्र के भतारी गांव के समीप कोचिंग से पढ़ाई कर घर लौट रही दो किशोर छात्राएं तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आ गईं। हादसा इतना भीषण था कि एक छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी की अस्पताल ले जाने के क्रम में रास्ते में ही मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। मृतक छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी मोहम्मद रियाजुद्दीन की 15 वर्षीय पुत्री अफसरी और रुस्तम अली की 15 वर्षीय पुत्री आशिया के रूप में हुई है। दोनों सहेलियां रोज की तरह कोचिंग से पढ़कर अपने गांव लौट रही थीं।

बेकाबू स्कॉर्पियो ने दो छात्राओं को रौंदा

ग्रामीणों ने बताया कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकराई फिर सड़क पर जा रही दोनों छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक एक छात्रा की मौत हो चुकी थी। दूसरी ने भी इलाज के लिए ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना की खबर सुनते ही काफी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने भतारी मोड़ के पास ओबरा पौथू मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की।

लोगों में नाराजगी, ड्राइवर फरार

सड़क जाम के कारण ओबरा पौथू मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सूचना मिलने के बाद पौथू थानाध्यक्ष संजय कुमार अपने पूरे दल बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • औरंगाबाद में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने छात्राओं को कुचला।
  • कोचिंग से लौट रही दो छात्राओं की दर्दनाक मौत।
  • मृतकों की पहचान अफसरी और आशिया के रूप में।
  • अनियंत्रित गाड़ी पहले बिजली के खंभे से टकराई।
  • हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया।
Advertisement