सस्ता सोना खरीदने का आज आखिरी मौका, जानिए कैसे और कहां से खरीद सकते हैं गोल्ड
नई दिल्ली: अगर आप सस्ता सोना खरीदना चाहते हैं तो आज आपके पास आखिरी मौका है। सरकार सस्ता सोना बेच रही है। सरकार सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) की चौथी किश्त लेकर आई है। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 12 फरवरी से खुला है। इसमें (Sovereign Gold Bond Scheme) आज यानी 16 फरवरी तक निवेश किया जा सकता है। गोल्ड बॉन्ड की इस किस्त का इश्यू प्राइस 6,263 रुपये प्रति ग्राम तय किया गया है। RBI के मुताबिक, सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड स्कीम 2023-24 सीरीज-चार का मूल्य 6,263 रुपये प्रति ग्राम सोना है। सरकार ने ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल माध्यम से भुगतान करने वाले निवेशकों को अंकित मूल्य से 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट देने का फैसला किया है। ऐसे निवेशकों के लिए गोल्ड बॉन्ड का इश्यू प्राइस 6,213 रुपये होगा। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के जरिए आप 24 कैरेट के 99.9 फीसदी शुद्ध सोने में निवेश करने का मौका सरकार की तरफ से दिया जाता है। इस बॉन्ड को आरबीआई जारी करता है।











