कारोबार बढ़ाने के लिए मदर डेयरी यहां लगाने जा रही दो नए प्रोसेसिंग प्लांट, खर्च करेगी 650 करोड़
नई दिल्ली: दिल्ली और एनसीआर में प्रमुख दूध सप्लायर मदर डेयरी अपना कारोबार बढ़ाने के लिए बड़ा निवेश करने जा रही है। कंपनी करीब 650 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इससे मदर डेयरी दो नए प्रोसेसिंग प्लांट लगाएगी। इन नए प्लांट में कंपनी दूध और फलों को प्रोसेस करेगी। कंपनी बाजार में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए ये नए प्लांट लगाने जा रही है। इसके अलावा कंपनी अपने मौजूदा प्लांट्स की क्षमता का विस्तार करने के लिए 100 करोड़ रुपये का निवेश भी करेगी। मदर डेयरी फ्रूट्स एंड वेजिटेबल्स प्राइवेट लि. के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘अपने वितरण नेटवर्क और उपभोक्ताओं तक पहुंच बढ़ाने के अपने प्रयास में हमने प्रमुख स्थानों पर अपनी डेयरी और एफएंडवी (फल और सब्जियां) प्रोसेसिंग क्षमताओं के विस्तार के लिए 750 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बनाई है।’’











