चलती कार का टायर फटा, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, चालक की मौत

चलती कार का टायर फटा, अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, चालक की मौत
 भोपाल। राजधानी में वीआइपी रोड पर खानूगांव के पास बुधवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद घायल कार चालक को राहगीरों ने उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया। वहां चेक करने के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि चलती कार का टायर फटने की वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद कार चालक का शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है।

एयरपोर्ट से लौटते वक्त हादसा

कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक नारियलखेड़ा निवासी 48 वर्षीय इमरान खान पुत्र लाल मियां मंडीदीप की एक कंपनी की कार चलाते थे। बुधवार सुबह करीब छह बजे वह कंपनी के एक अधिकारी को छोड़ने राजा भोज एयरपोर्ट गए थे। वहां से वह वापस लौट रहे थे। इसी दौरान वीआइपी रोड पर खानूगांव के पास टायर फटने से उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और कार चला रहे इमरान सीट पर ही बेसुध हो गए। राहगीरों ने कार से बाहर निकालकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालांकि इमरान के शरीर पर गंभीर चोट के निशान नहीं थे। संभवत: कोई अंदरूनी चोट लगने से इमरान की मौत हो गई।
Advertisement