भोपाल। शहर की तीन महिला चित्रकार दक्षिण कोरिया में होने वाले जयपुर आर्ट समिट के तीसरे अंतराष्ट्रीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगी, जो 24 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। ये तीन चित्रकार हैं सोनम सिकरवार, छाया दुबे और प्रीति पोदार जैन। ग्वांगझू अंतरराष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के इन तीनों को आमंत्रण मिला है। इस कार्यक्रम में वैश्विक स्तर पर एशियाई समकालीन कला के मंच और भारतीय कला और संस्कृति के विस्तार के लिए क्रास बार्डर आर्ट कनेक्ट जीवंत रूप से देखने को मिलेगा।
एब्सट्रैक्ट आर्ट फार्म में करती हैं काम
समिट के संस्थापक शैलेंद्र भट्ट ने बताया कि समिट का यह ग्यारहवां वर्ष है, जिसके तहत देश और विदेश में कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रतिभाशाली युवा कलाकारों की कला को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रोत्साहित करने के साथ उनकी कला से नए आर्ट कलेक्टरों को रूबरू करना भी है। तीनों ही कलाकार एब्सट्रैक्ट आर्ट में काम करती हैं। प्रीति इमोशंस, खासतौर पर खतों पर काम करती हैं, जो पहले के जमाने में ज्यादा प्रचलन में थे। वे उनकी पेंटिंग में एब्सट्रैक्ट फार्म में दिखते हैं। वहीं छाया दुबे वे पंचतत्वों-जल, वायु, अग्नि, आकाश, पृथ्वी पर काम करती हैं। वे काफी वाइब्रेंट कलर्स का इस्तेमाल करती हैं, जैसे- लाल, पीले।
स्वयं की कार्यशाला में कलाकृतियों का किया निर्माण
सोनम सिकरवार एब्सट्रैक्ट आर्ट में काम करती हैं। उनके आर्ट वर्क सीरीज में होते हैं। इस कला प्रदर्शनी में जो वर्क सलेक्ट हुआ है, उसका नाम दृष्टि है। इसमें बताया है कि हम दुनिया को जिस नजरिए से देखते हैं, वो हमें वैसे ही नजर आती है। वह वर्तमान में स्वयं की कार्यशाला में अपनी कलाकृतियों का निर्माण कर रही हैं। वह अमूर्त व अमूर्तन शैली में अपनी कृतियों का निर्माण करती हैं। अपनी कलाकृतियों में नए-नए प्रयोग करती हैं जो आकार, रंग, रेखाओं प्रतीकों आदि में होते रहते हैं, जिससे कृतियों में पुनरावृत्ति नजर नहीं आती।











